1. हिन्दी समाचार
  2. उत्तर प्रदेश
  3. कृषि कानूनों के खिलाफ अखिलेश यादव की तीखी प्रतिक्रिया

कृषि कानूनों के खिलाफ अखिलेश यादव की तीखी प्रतिक्रिया

By RNI Hindi Desk 
Updated Date

कृषि कानूनों के खिलाफ अखिलेश यादव की तीखी प्रतिक्रिया

उत्तर प्रदेश में किसान किंगमेकर की भूमिका में हैं, सूबे की 300 विधानसभा सीटें ग्रामीण इलाके की हैं। खासकर पश्चिम यूपी में तो किसान राजनीति की दशा और दिशा तय करते हैं। हाल के दिनों में जिस तरह से बीजेपी ध्रुवीकरण के जरिए ग्रामीण इलाके में अपना राजनीतिक आधार बनाने में कामयाब हुई है और उपचुनाव में कांग्रेस जिस तरह से दो सीटों पर दूसरे नंबर पर रही है, उससे सपा के लिए चुनौती खड़ी हो गई हैं। ऐसे में किसान आंदोलन के पक्ष में सपा का खड़ा होना एक मजबूरी बन गई हैं।

 

यूपी में किसान सियासी तौर पर अहम भूमिका अदा करते हैं। सूबे के पश्चिम यूपी में किसानों के अंदर गुस्सा बढ़ रहा है। 2022 के विधानसभा चुनाव में अब वक्त ज्यादा नहीं रह गया है, जिसके चलते बीजेपी किसान सम्मेलन के जरिए उन्हें समझाने में जुटी है। वहीं, सपा किसानों के बीच अपनी पैठ बनाने की कवायद में है।

 

समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कृषि कानूनों के खिलाफ चल रहे आंदोलन के एक माह पूरे होने पर अपनी तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की। उन्होंने कहा कि किसान आंदोलन बीजेपी सरकार की विफलता का जीवंत स्मारक है।

 

अखिलेश यादव ने ट्वीट किया, आज कृषि-कानूनों के ख़िलाफ़ हो रहे आंदोलन का एक महीना पूरा हो रहा है।भाजपा अपने प्रिय अमीर मित्रों व पूंजीपति प्रायोजकों का समर्थन करते हुए ऐसे रास्ते पर चल पड़ी है जो किसान, मज़दूर, निम्न व मध्यवर्ग सबके विरुद्ध जाता है। किसान-आंदोलन भाजपा सरकार की विफलता का जीवंत स्मारक है,उल्लेखनीय है सपा किसानों के आंदोलन का लगातार समर्थन कर रही है।

सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा है कि किसानों के साथ बीजेपी राज में सबसे ज्यादा अन्याय हुआ है, सपा सूबे भर में कृषि कानूनों को खिलाफ गांव-गांव किसान घेरा कार्यक्रम करेगी। समाजवादी पार्टी किसानों की अपनी पार्टी है। ऐसे में किसानों के संघर्ष में हम उनके साथ हैं।

सपा किसान घेरा कार्यक्रम के जरिए किसानों तक अपना समर्थन पहुंचाने के साथ सपा सरकार की किसान कल्याणकारी योजनाओं की भी जानकारी देगी।

 

Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...