मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने गुरुवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिख कर उनसे वैश्विक पटल पर स्थापित देश के लोकतंत्र को बचाने की मांग की है। आपको बता दे कि बागी विधायकों के कारण पूर्व सीएम कमलनाथ अपनी कुर्सी नहीं बचा पाए थे।
मार्च से लेकर अब तक कांग्रेस के 25 विधायक कांग्रेस छोड़ भाजपा में शामिल हो गये हैं और यह सिलसिला लगातार जारी है। इसी को लेकर अब पूर्व सीएम कमलनाथ ने अब पीएम मोदी को एक चिट्ठी लिखी है जिसमे एमपी कांग्रेस के ट्विटर हैंडल से भी ट्वीट किया गया है।
इस पत्र में कमलनाथ ने लिखा है कि मध्य प्रदेश में भाजपा द्वारा प्रतिपक्षीय विधायकों को प्रलोभित करके उनके इस्तीफे कराकर भाजपा में शामिल कराया जा रहा है और ऐसे अनैतिक कृत्य के उपचुनावों का बोझ प्रदेश के नागरिकों पर डाला जा रहा है।
आगे उन्होंने लिखा, मैं उम्मीद करता हूं कि मेरी शंकाए निराधार साबित होंगी और आप भारत के लोकतंत्र की गिरती हुई साख को बचाने के लिए आगे आएंगे तथा ऐसे अवसरवादी नेताओं को अपनी सरकार एवं दल में कोई स्थान नहीं देंगे।