एक्टर पंकज त्रिपाठी ‘कागज’ नाम की एक शानदार फिल्म लेकर 7 जनवरी 2021 को दर्शकों के सामने होंगे। इस फिल्म को निर्माताओं ने ओटीटी प्लेटफॉर्म जी5 पर रिलीज करने के साथ-साथ उत्तर प्रदेश के कुछ थिएटर्स में भी पेश करने का प्लान बनाया है।
फिल्म ‘कागज’ का निर्देशन सतीश कौशिक ने किया है, जो खुद भी एक शानदार अभिनेता है। अगर फिल्म की कहानी की बात करें तो यह एक रियल स्टोरी पर बेस्ड है। कुछ समय पहले आजमगढ़ के एक व्यक्ति का मामला सामने आया था, जिसे सरकारी रिकॉर्ड में मृत घोषित कर दिया गया था लेकिन वो असलियत में जिंदा था।

यह इंसान लगभग 18 साल तक अपने आपको जिंदा साबित करने की लड़ाई लड़ता रहा। कलाकार पंकज त्रिपाठी इसी व्यक्ति का किरदार निभाते दिखेंगे। फिल्म ‘कागज’ के पोस्टर को ध्यान से देखें तो इसमें पंकज त्रिपाठी कागजों की गठरियों के बीच पीठ मोड़े खड़े हैं। ये कागज की गठरियां सरकारी कागजों से भरी हुई हैं।
कलाकार पंकज त्रिपाठी ने फिल्म कागज का पोस्टर शेयर करते हुए लिखा है, ‘कागज पे लाल बिहारी मृतक की कहानी है बड़ी अत्याचारी। एक सच्ची कहानी, ‘कागज’ 7 जनवरी 2021 को जी-5 और यूपी के कुछ चुनिंदा थिएटर्स में रिलीज होगी।