उज्जैन। शहर के हम्मालवाड़ी क्षेत्र में मंगलवार को एक बड़ा हादसा हो गया, जब करीब 50 वर्ष पुराना दो मंजिला जर्जर मकान अचानक भरभराकर गिर गया। हादसे में मोहर्रम देखने ननिहाल आए 12 वर्षीय बच्चे की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उसकी नानी गंभीर रूप से घायल हो गईं।
हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। थाना प्रभारी प्रतीक शर्मा के नेतृत्व में पुलिस बल ने मलबे में दबे लोगों को निकालने के लिए तेज रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया। पुलिसकर्मियों ने घंटों की मशक्कत के बाद कई लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
रेस्क्यू के दौरान एक महिला गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिली, जिसे तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों के अनुसार उनकी स्थिति नाजुक बनी हुई है, जबकि अन्य लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मकान काफी पुराना और जर्जर हालत में था, जिसके कारण यह हादसा हुआ। घटना के बाद प्रशासन ने आसपास के पुराने मकानों की स्थिति की जांच शुरू कर दी है ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके।
इस पूरे घटनाक्रम में पुलिस और स्थानीय लोगों की तत्परता से कई लोगों की जान बचाई जा सकी। राहत कार्य के दौरान पुलिस की मानवता और साहस की भी सराहना की जा रही है।