भोपालः मध्य प्रदेश में शनिवार देर रात बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। राज्य सरकार ने 62 आईपीएस अधिकारियों के तबादले कर दिए। गृह विभाग द्वारा बड़े स्तर पर किए गए तबादलों में एडीजी, डीआईजी, एसी और डीसीपी स्तर के अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
यह तबादला सूची मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और डीजीपी कैलाश मकवाना के बीच हुई चर्चा के बाद जारी की गई। सिंगरौली में हाल ही में हुए बैंक डकैती कांड के बाद एसपी मनीष खत्री को हटा दिया गया है। उन्हें एआईजी पीएचक्यू बनाया गया है। सिवनी जिले में सामने आए हवाला कांड के चलते पुलिस अधीक्षक सुनील मेहता को भी हटा दिया गया है। उन्हें डीसीपी इंदौर बनाया गया है।
इस व्यापक बदलाव में कानून-व्यवस्था से जुड़े मामलों को प्राथमिकता दी गई है। खास तौर पर विवादों में रहे जिलों के पुलिस अधीक्षकों को हटाते हुए नई पोस्टिंग दी गई है। प्रदेश के 19 जिलों में पुलिस अधीक्षक बदले गए हैं। इनमें भिंड, शिवपुरी, रीवा, सागर, धार, मुरैना, छतरपुर, खंडवा, नीमच, पांढुर्ना, आगर मालवा, अनूपपुर, मऊगंज, डिंडोरी, मंदसौर, दतिया, सीहोर, सिंगरौली, दमोह और सिवनी शामिल हैं।



