MP Youth Scheme : मुख्यमंत्री मोहन यादव की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक के बाद मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने फैसलों की जानकारी दी. मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने विभिन्न अहम फैसलों और उपलब्धियों की जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा युवाओं के लिए शुरू की गई एक महत्वाकांक्षी योजना के तहत पढ़ाई पूरी करने के बाद नौकरी की तलाश में निकले युवाओं को वित्तीय सहायता प्रदान की जाएगी। इस योजना के अंतर्गत प्रत्येक युवा को 15,000 रुपए की सहायता राशि दी जाएगी, जबकि फैक्ट्री संचालक भी अपने स्तर पर प्रोत्साहन राशि देंगे। इस योजना का उद्देश्य लगभग 3.5 करोड़ युवाओं को रोजगार के अवसर प्रदान करना है और उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है।
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर प्रदेश में नवाचार करते हुए प्रत्येक जिले में एलईडी स्क्रीन लगाकर प्रधानमंत्री के भाषण का प्रसारण किया गया। इस पहल से जनता तक सीधे प्रधानमंत्री के संदेश और विकास कार्यों की जानकारी पहुँचाई गई। इसके साथ ही, प्रत्येक जिले के प्रभारी मंत्रियों ने वहां चल रहे विकास कार्यों और योजनाओं की जानकारी साझा की, जिससे प्रदेश में विकास की गति और जनता की सहभागिता दोनों को बढ़ावा मिला।
वहीं आर्थिक उपलब्धियों की बात करें तो मध्य प्रदेश ने निर्यात के क्षेत्र में ऐतिहासिक सफलता हासिल की है। वर्ष 2024-25 में प्रदेश का कुल निर्यात 66,218 करोड़ रुपए रहा, जो पिछले साल की तुलना में 6% अधिक है। इस वृद्धि में सोयाबीन, फार्मेसी और इंजीनियरिंग गुड्स का अहम योगदान रहा। निर्यात में इस उपलब्धि के साथ मध्य प्रदेश अब निर्यात रैंकिंग में 15वें स्थान से 11वें स्थान पर पहुँच गया है। इस प्रगति ने प्रदेश की औद्योगिक और व्यापारिक छवि को मजबूत किया है और रोजगार सृजन में भी योगदान दिया है।
कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि यह सभी प्रयास प्रदेश के युवाओं और अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने के लिए किए जा रहे हैं। रोजगार, निर्यात और विकास कार्यों की गति बढ़ाकर मध्य प्रदेश को देश के अग्रणी राज्यों में शामिल करने की दिशा में सरकार निरंतर काम कर रही है। इन पहलों से प्रदेश की सामाजिक और आर्थिक प्रगति में सकारात्मक बदलाव देखने को मिल रहा है, जो युवाओं और व्यापारियों दोनों के लिए अवसर और प्रेरणा का स्रोत बनेगा।