केंद्र सरकार के किसानों की 2022 तक इनकम दोगुनी करने के लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए यूपी की योगी सरकार भी कई तरह के कदम उठा रही है। अब सरकार का नया कदम राज्य के किसानों के बीच ऑर्गेनिक खेती को बढ़ावा देना है।
असल में पारंपरिक खेती से किसानों को जो नुकसान होता है उसके चलते उनकी इनकम बढ़ाना मुश्किल है। इसलिए सरकार ऑर्गेनिक खेती को आगे बढ़ाना चाहती है। सरकार ऑर्गेनिक या जैविक खेती करने वालों किसानों को आर्थिक मदद भी देगी। इसके लिए किसानों को 10 लाख रु तक की मदद मिलेगी।
यूपी सरकार का उद्देश्य को राज्य को ऑर्गेनिक खेती का एक बड़ा केंद्र बनाने की है। सरकार की योजना के पहले चरण में राज्य के 63 जिलों की करीब 68 हेक्टेयर जमीन पर ऑर्गेनिक फसल होगी।
बता दें कि इन 63 में से 27 जिले नमामि गंगे परियोजना में आते हैं। वहीं बाकी 36 जिलों में पुराने तरीकों से खेती हो रही है। जैविक खेती पर अच्छे से नजर रखी जाए इसके लिए क्लस्टर खेती वाला तरीका अपनाया जाएगा। आपकी जानकारी के लिए बता दें कि ऐसा हर क्लस्टर 50 एकड़ पर फैला होगा।
जैविक खेती करने वाले किसानों को यूपी सरकार 10 लाख रु की मदद देगी। ये पैसा प्रति क्लस्टर 3 साल की अवधि में दिया जाएगा। ये पैसा तीन किस्तों में मिलेगा। इनमें पहले साल में 3.30 लाख रु, दूसरे साल में 3.40 लाख रु और तीसरे साल में फिर से 3.30 लाख रु मिलेंगे।
इन पैसों में से 38 फीसदी हिस्सा क्लस्टर बनाने, किसानों की उत्पादन क्षमता का विस्तार के अलावा ब्रांडिंग-पैकेजिंग पर खर्च किया जाएगा। किसानों को उन जगहों पर ले जाया जाएगा जहां ऑर्गेनिक खेती होती है। इसके अलावा उन्हें प्रोडक्ट की क्लीनिंग, ग्रेडिंग, पैकेजिंग और लेवलिंग जैसी जरूरी चीजो की ट्रेनिंग भी मिलेगी।