विश्व स्वास्थ्य संगठन ने कोरोना वैक्सीन के वादे को ‘अभूतपूर्व’ और ‘संभावित रूप से परिदृश्य बदलने वाला’ कहा है। डब्ल्यूएचओ के यूरोपीय निर्देशक हंस क्लूज ने गुरुवार को कहा कि ब्रिटेन के वैक्सीन को मंजूरी देने वाला पहला पश्चिमी देश बन गया है।
ब्रिटेन ने फाइजर के कोविड वैक्सीन को मंजूरी दी है, जो जर्मनी के बॉयोटेक के साथ विकसित हुआ है। इसके साथ ही ब्रिटेन इतिहास में सबसे महत्वपूर्ण सामूहिक टीकाकरण कार्यक्रम शुरू करने की दौड़ में दुनिया से आगे निकल गया।
कोपनहेगन में क्लूज ने कहा कि पहले टीके की आपूर्ति बहुत सीमित होगी। देशों को यह तय करना होगा कि वैक्सीन में किसे प्राथमिकता मिले। हालांकि डब्ल्यूएचओ ने “बढ़ती आम सहमति” का भी हवाला दिया कि पहले कोरोना वैक्सीन के लिए वृद्ध लोगों, चिकित्सा कर्मचारियों और अन्य बीमारियों वाले लोगों को प्राथमिकता होनी चाहिए जैसे कि ब्रिटेन की वैक्सीन के लिए योजना बनाई है।