मुरैना। जिले में लगातार हो रही अतिवृष्टि और बढ़ते जलस्तर को देखते हुए मुरैना पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। पुलिस अधीक्षक मुरैना श्री धर्मराज मीना (भापुसे) के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री सुरेंद्र पाल सिंह डावर के मार्गदर्शन में पुलिस टीमें जिले के विभिन्न संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार निगरानी कर रही हैं।
रपटों और जलभराव वाले क्षेत्रों में विशेष निगरानी
पुलिस टीमें रपटों, नालों, पुल-पुलियों और जलभराव वाले क्षेत्रों में लगातार भ्रमण कर स्थिति का जायजा ले रही हैं। संभावित खतरे को देखते हुए लोगों को अनावश्यक आवागमन से बचने और सावधानी बरतने की समझाइश दी जा रही है।

प्रभावित ग्रामीणों का सुरक्षित रेस्क्यू
अतिवृष्टि के कारण जलस्तर बढ़ने से प्रभावित गांवों में पुलिस टीमों ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य किया। जलभराव और बढ़ते पानी के बीच पुलिस जवानों ने बच्चों, महिलाओं, बुजुर्गों सहित ग्रामीणों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाया।पुलिस की टीमें संवेदनशील क्षेत्रों में तैनात रहकर लगातार हालात पर नजर बनाए हुए हैं। राहत एवं बचाव कार्यों को प्रभावी ढंग से संचालित करने के लिए स्थानीय प्रशासन और संबंधित विभागों के साथ भी समन्वय किया जा रहा है।
मुरैना पुलिस की आमजन से अपील
मुरैना पुलिस ने आमजन से अपील की है कि नदी, नालों, रपटों, पुल-पुलियों और जलभराव वाले क्षेत्रों में जाने से बचें। बच्चों को भी ऐसे स्थानों से दूर रखें और पुलिस एवं प्रशासन द्वारा जारी सुरक्षा निर्देशों का पालन करें।किसी भी आपात स्थिति में तत्काल पुलिस से संपर्क करने की अपील की गई है।
बंटी सैमिल की रिपोर्ट