उज्जैन से इस वक्त एक खास और भक्तिमय खबर सामने आ रही है। भारतीय क्रिकेट टीम के दिग्गज खिलाड़ी विराट कोहली और कुलदीप यादव आज ज्योतिर्लिंग श्री महाकालेश्वर मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने प्रातःकालीन भस्म आरती के दर्शन कर पुण्य लाभ अर्जित किया।
भगवान श्री महाकालेश्वर की भस्म आरती के दौरान विराट कोहली और कुलदीप यादव पूरी तरह भक्ति भाव में लीन नजर आए। दोनों खिलाड़ियों ने विधि-विधान के साथ आरती में सहभागिता की और भगवान महाकाल से आशीर्वाद प्राप्त किया। इस दौरान मंदिर परिसर का वातावरण भक्तिमय और आध्यात्मिक ऊर्जा से परिपूर्ण दिखाई दिया।
महाकाल मंदिर परिसर में विराट कोहली और कुलदीप यादव के दर्शन को लेकर श्रद्धालुओं और क्रिकेट प्रशंसकों में खासा उत्साह देखने को मिला। देश के दो प्रसिद्ध क्रिकेट खिलाड़ियों को अपने बीच पाकर श्रद्धालु भावविभोर हो उठे और यह दृश्य आस्था और खेल के सुंदर संगम का प्रतीक बन गया।

दर्शन उपरांत श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति की ओर से दोनों खिलाड़ियों का पारंपरिक तरीके से स्वागत एवं सम्मान किया गया। इस अवसर पर अपर कलेक्टर एवं प्रशासक प्रथम कौशिक तथा सहायक प्रशासक मूलचंद जूनवाल उपस्थित रहे। समिति द्वारा विराट कोहली और कुलदीप यादव को भगवान महाकाल का प्रसाद एवं स्मृति चिन्ह भेंट किए गए।
गौरतलब है कि भगवान महाकाल के दर्शन के लिए देश-विदेश से अनेक जानी-मानी हस्तियां उज्जैन पहुंचती रहती हैं। विराट कोहली और कुलदीप यादव की यह आध्यात्मिक यात्रा एक बार फिर यह दर्शाती है कि भारतीय संस्कृति में आस्था और खेल साथ-साथ चलते हैं और सफलता के शिखर पर पहुंचने के बाद भी श्रद्धा का महत्व बना रहता है।