उज्जैनः नासिक में कथित ब्लैकमेलिंग और शोषण के मामले को लेकर देशभर में चर्चा तेज हो गई है। बताया जा रहा है कि इस मामले में एक निजी कंपनी से जुड़े कुछ कर्मचारियों पर गंभीर आरोप लगे हैं। वहीं उज्जैन से संत समाज ने इस पूरे मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की है।
नासिक में सामने आए इस कथित मामले में आरोप है कि कुछ कर्मचारियों ने युवतियों के साथ दुर्व्यवहार कर उनके निजी वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने की कोशिश की। हालांकि इस मामले की आधिकारिक पुष्टि और जांच अभी जारी है।
इसी बीच अखिल भारतीय सनातन परिषद के संभाग अध्यक्ष महंत महावीर नाथ महाराज ने इस घटना पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि यदि इस तरह की घटनाएं सामने आती हैं, तो यह समाज के लिए गंभीर चिंता का विषय है और दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई होना जरूरी है।
महंत महावीर नाथ महाराज ने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों की सुरक्षा और शिक्षा के वातावरण को लेकर सतर्क रहें। साथ ही किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत प्रशासन को दें। उन्होंने यह भी कहा कि किसी भी मामले में कानून से ऊपर कोई नहीं है और निष्पक्ष जांच के आधार पर ही दोषियों को सजा मिलनी चाहिए। संत समाज ने इस पूरे मामले में पारदर्शी जांच की मांग करते हुए कहा है कि ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए कड़े कदम उठाए जाने चाहिए।
उज्जैन से संवाददाता प्रियंक की रिपोर्ट