जबलपुर स्थित रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय (RDVV) में छात्रों की समस्याओं को लेकर राष्ट्रीय छात्र संगठन (NSUI) ने अनोखा विरोध प्रदर्शन किया है। संगठन ने विश्वविद्यालय प्रशासन के रवैये और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर नाराजगी जताते हुए परिसर में “लॉकअप में रहने वाले कुलपति नहीं चलेंगे” जैसे पोस्टर लगाए।
NSUI के विश्वविद्यालय प्रभारी अचल नाथ ने आरोप लगाया कि विश्वविद्यालय में सुरक्षा के नाम पर ऐसी सख्त व्यवस्था कर दी गई है, जिससे दूर-दराज से आने वाले छात्रों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। डिग्री, माइग्रेशन और परीक्षा संबंधी कार्यों के लिए छात्र लगातार चक्कर लगाने को मजबूर हैं।
छात्रों का कहना है कि रजिस्ट्रार या परीक्षा नियंत्रक से समाधान न मिलने पर जब वे कुलपति से मिलने जाते हैं, तो उन्हें कई स्तरों की सुरक्षा व्यवस्था से गुजरना पड़ता है। इसी व्यवस्था को लेकर छात्रों ने आरोप लगाया कि कुलपति को “लॉकअप” जैसी सुरक्षा में रखा गया है, जिससे आम छात्रों की पहुंच मुश्किल हो गई है।
NSUI ने यह भी चेतावनी दी है कि यदि बीपीएड विभाग सहित अन्य गंभीर मामलों पर विश्वविद्यालय प्रशासन ने जल्द कार्रवाई नहीं की, तो आने वाले दिनों में बड़ा आंदोलन किया जाएगा। संगठन ने कहा कि इसकी पूरी जिम्मेदारी विश्वविद्यालय प्रशासन की होगी।
छात्र संगठन ने साफ कहा है कि यदि उनकी मांगों और शिकायतों पर ध्यान नहीं दिया गया, तो आंदोलन को और उग्र रूप दिया जाएगा। बाइट में अचल नाथ ने प्रशासन पर छात्रों की अनदेखी का आरोप लगाते हुए तुरंत समाधान की मांग की।