नई दिल्ली : ओलंपिक खेलों के सातवें दिन भारत को शानदार शुरुआत मिली है, एक तरफ जहां बॉक्सिंग में भारत को जीत मिली है। वहीं दूसरी तरफ तीरंदाजी, हॉकी और बैडमिंटन में भी कमाल किया है। आपको बता दें कि बॉक्सिंग में बॉक्सर सतीश कुमार ने 91 किलो वर्ग के अंतिम-16 के मुकाबले में जमैका के रिकार्डो ब्राउन को मात दे दी है। उन्होंने 4-1 से ये मुकाबला अपने नाम किया।
बता दें कि सतीश ने पहला राउंड 5-0, दूसरा और तीसरा 4-1 से जीता। इस जीत के साथ सतीश कुमार अंतिम 8 में पहुंच गए हैं। वह मेडल जीतने से एक कदम दूर हैं। वहीं पीवी सिंधु ने क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई है। भारतीय मेंस हॉकी टीम भी अंतिम-8 का सफर तय करने में कामयाब हो गई है। तीरंदाजी में अतनु दास ने जीत के साथ आगाज किया है।

आपको बता दें कि भारतीय शटलर पीवी सिंधु ने अंतिम 16 के मुकाबले में डेनमार्क की मिया ब्लिचफेल्ट को हरा दिया है। सिंधु अंतिम 8 में प्रवेश कर गई हैं। हॉकी में भारत की पुरुष टीम ने अर्जेंटिना को 3-1 से हरा दिया है।
मेडल के करीब अतनु
तीरंदाज अतनु दास टोक्यो ओलंपिक में मेडल जीतने के बेहद करीब पहुंच चुके हैं। उन्होंने पुरुष व्यक्तिगत के अंतिम 8 में जगह बना ली है। अतनु ने अंतिम 16 के मुकाबले में कोरिया के दिग्गज तीरंदाज जिन्येक ओह को मात दी। अतनु ने 6-5 से ये मैच अपने नाम किया। ये मुकाबला शूटआउट तक पहुंचा, जिसमें जिन्येक ओह ने 9 और अतनु ने 10 का स्कोर कर जीत हासिल की।

भारतीय हॉकी टीम ने अर्जेंटीना को हराया
भारतीय टीम ने अर्जेंटीना के खिलाफ 3-1 से शानदार जीत हासिल की है। भारत ने अर्जेंटीना जैसी मजबूत टीम को हराकर अगले दौर में जगह बनाई है। भारत की हॉकी में मेडल जीतकर की उम्मीदें काफी बढ़ गई हैं। भारत ने ऑस्ट्रेलिया से मैच गंवाने के बाद अपने दो मैच जीत लिए हैं। भारतीय हॉकी टीम बेहतरीन फॉर्म में नज़र आ रही है।
क्वार्टर फाइनल में पीवी सिंधु
बैडमिंटन में पीवी सिंधु ने भारत की मेडल की उम्मीद को और बढ़ा दिया है। पीवी सिंधु क्वार्टर फाइनल में पहुंचने में कामयाब हो गई हैं। राउंड ऑफ 16 के मुकाबले में डेनमार्क की मिया पर पीवी सिंधु ने एकतरफा जीत हासिल की। पीवी सिंधु ने 21-15 और 21-13 से रॉउंड ऑफ 16 का मुकाबला अपने नाम किया।