प्रमुख घरेलू सूचकांक Sensex गुरुवार को 14.61 अंक या 0.03 फीसद की बढ़त के साथ 44,632.65 अंक के स्तर पर बंद हुआ। हालांकि, शुरुआती सत्र में Sensex 300 अंक से अधिक की उछाल के साथ नए रिकॉर्ड उच्च स्तर पर पहुंच गया था। Sensex गुरुवार को 44,902.02 अंक के स्तर पर खुला और बाद में 44,953.01 के स्तर तक चढ़ा लेकिन बाद में मुनाफावसूली के दबाव के चलते एक्सचेंज पर शुरुआती बढ़त बरकरार नहीं रह सकी। वहीं, NSE Nifty 20.10 अंक या 0.15% चढ़कर 13,133.90 अंक के स्तर पर बंद हुआ। सेक्टोरल इंडेक्स की बात की जाए तो पीएसयू बैंक इंडेक्स में पांच फीसद की तेजी देखी गई।
Sensex पर मारुति के शेयरों में सबसे ज्यादा 7.45 फीसद का उछाल देखने को मिला। इसके बाद ओएनजीसी, एशियन पेंट, एनटीपीसी और एसबीआई के शेयरों में 4.54 फीसद तक की तेजी देखने को मिली। इनके अलावा बजाज फिनजर्व, टाटा स्टील, एचसीएल टेक, टाइटन, नेस्ले इंडिया, लार्सन एंड टुब्रो, बजाज फाइनेंस, कोटक महिंद्रा बैंक, सन फार्मा, टेक महिंद्रा, रिलायंस, आईसीआईसीआई बैंक और आईटीसी के शेयर हरे निशान के साथ बंद हुए।
दूसरी ओर, एचडीएफसी बैंक के शेयरों (HDFC Bank Share Price) में सबसे ज्यादा 2.13 फीसद की गिरावट देखने को मिली। प्राइवेट सेक्टर के सबसे बड़े बैंक को लेकर भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) के हालिया आदेश के बाद एचडीएफसी बैंक के शेयरों में टूट देखने को मिली। केंद्रीय बैंक ने अपने दो दिसंबर एक आदेश में एचडीएफसी बैंक के नए क्रेडिट कार्ड जारी करने पर रोक लगा दी है। साथ ही बैंक को नई डिजिटल पहलों को रोकने को कहा है।
एचडीएफसी बैंक के अलावा टीसीएस, बजाज ऑटो, इन्फोसिस, भारती एयरटेल, महिंद्रा एंड महिंद्रा, एचडीएफसी, एक्सिस बैंक, अल्ट्राटेक सीमेंट, हिन्दुस्तान यूनिलीवर लिमिटेड, पावरग्रिड और इंडसइंड बैंक के शेयर लाल निशान के साथ बंद हुए।