नई दिल्ली: टी20 विश्वकप में अफगानिस्तान और न्यूजीलैंड के बीच खेले गए मैच के दौरान एक ऐसी खबर सामने आई जिसने सभी को हैरान कर दिया। दरअसल, अबुधाबी क्रिकेट स्टेडियम के मुख्य पिच क्यूरेटर मोहन सिंह रविवार यानी 7 नवंबर 2021 को अफगानिस्तान और न्यूजीलैंड के बीच टी20 विश्व कप मैच से कुछ घंटे पहले अपने कमरे में मृत मिले। मौत के कारणों का तत्काल पता नहीं चला है, लेकिन स्थानीय पुलिस ने इसकी जांच शुरू कर दी है।
यूएई क्रिकेट के सूत्रों के अनुसार, उत्तराखंड के 45 साल के मोहन सिंह अवसादग्रस्त थे। न्यूजीलैंड-अफगानिस्तान के मैच से पहले उन्होंने पिच का मुआयना किया। बाद में उन्हें उनके कमरे में फंदे पर लटका पाया गया। अबुधाबी क्रिकेट और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) ने उन्हें श्रद्धांजलि दी, लेकिन मौत के कारण का खुलासा नहीं किया। उनके परिवार में पत्नी और बेटी हैं जो जल्द ही अबुधाबी पहुंचेंगे।
शेख जायद स्टेडियम के विकेट पर ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड, भारत, पाकिस्तान, न्यूजीलैंड, दक्षिण अफ्रीका, श्रीलंका और वेस्टइंडीज की टीमें खेल चुकी हैं और सभी विकेटों को मोहन सिंह ने ही बनाया है। इससे पहले उन्होंने मोहाली में ग्राउंड सुपरवाइजर और असिस्टेंट कोच के रूप में काम किया था। यूएई जाने से पहले उन्होंने बीसीसीआई से पिच क्यूरेटर की ट्रेनिंग ली थी। वहां जाकर उन्होंने अबू धाबी में काम करना शुरू किया था। वो इस मैदान के मुख्य पिच क्यूरेटर थे।
ICC ने भी जताया दुख
आईसीसी (ICC) ने भी उनके निधन पर शोक जताया है। खेल की इस वैश्विक संस्था की ओर से जारी बयान में कहा गया, ‘हमें काफी दुख हुआ है। हमारी प्रार्थना उनके परिवार, दोस्तों, अबुधाबी क्रिकेट और इस आयोजन से जुड़े सभी लोगों के साथ हैं।’ आईसीसी ने बताया कि परिवार और अबुधाबी क्रिकेट की सहमति मिलने के बाद मैच तय कार्यक्रम के मुताबिक हुआ।
अफगानिस्तान की हार से भारत हुआ बाहर
रविवार को न्यूजीलैंड-अफगानिस्तान मैच के परिणाम से टीम इंडिया का बाहर हो गई। अगर अफगानिस्तान इस मैच में न्यूजीलैंड को हरा देती तो टीम इंडिया सेमीफाइनल की रेस में बनी रहती। अब टीम इंडिया के लिए सोमवार को नामीबिया के खिलाफ मैच केवल औपचारिकता भर रह गया है। इस मैच में जीत दर्ज करने के बाद भी टीम इंडिया को कोई फायदा नहीं होगा। इस वर्ल्ड कप में टीम इंडिया ने अब तक 4 मैच खेले हैं जिनमें 2 में टीम को जीत मिली और 2 में हार का सामना करना पड़ा।