कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी 2019 के लोकसभा चुनाव के बाद दूसरी बार बुधवार को रायबरेली दौरे पर हैं। साथ ही कांग्रेस की महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा भी अपनी मां के साथ संसदीय क्षेत्र पहुंची। जहां मां-बेटी भुएमऊ गेस्ट हाउस में चल रहे पदाधिकारियों के प्रशिक्षण कार्यक्रम में हिस्सा लिया।
इस दौरान सोनिया गांधी ने बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा कि, नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) देश हित के लिए बिल्कुल ठीक नहीं है। बीजेपी सरकार को देश के अन्य गंभीर मुद्दों पर ध्यान देने की जरूरत है। साथ ही उन्होंने कहा कि, हमारी सरकार बनने के बाद सबसे पहले सीएए को खत्म कर दिया जाएगा।
प्रियंका गांधी ने कहा कि, देश में लोग बेरोजगारी की मार झेल रहे हैं। कई नौजवान नौकरी नहीं मिल पाने के कारण आत्महत्या कर रहे हैं। लेकिन सरकार को इन सब मामले से कुछ लेना देना नहीं है। साथ ही उन्होंने कहा कि, देश में मंदी का संकट छाया हुआ और जीडीपी की हालात भी बेहद खराब है। देश के प्रधानमंत्री को इन सब समस्याओं के बारे में सोचना चाहिए।
आपको बताते चलें कि, कार्यक्रम के बाद सोनिया गांधी कांग्रेस के तमाम कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर, कुछ अहम मुद्दों पर खास बातचीत भी करेंगी। इसके बाद वह पूर्व विधायक अजयपाल सिंह के परिवार से भी मिलेंगी। वहीं रात्रि विश्राम के बाद गुरुवार को सोनिया गांधी और प्रियंका गांधी दिल्ली के लिए रवाना हो जाएंगी।