नई दिल्ली : भारत और श्रीलंका के बीच मंगलवार को टी20 सीरीज का दूसरा मैच खेला जाना था, जो भारतीय टीम के ऑलराउंडर क्रुणाल पांड्या के कोरोना संक्रमित होने की वजह से स्थगित कर दिया गया। इसके साथ ही उनके संपर्क में आए उन आठ खिलाड़ियों को भी आइसोलेट कर दिया गया, जो क्रुणाल के संपर्क में आये थे।
बीसीसीआई ने भी इस खबर की पुष्टि की है, हालांकि उसने खिलाड़ी का नाम उजागर नहीं किया है। बीसीसीआई की तरफ से जारी बयान में बताया गया है कि क्रुणाल के संक्रमित होने की वजह से मैच को एक दिन यानी 28 जुलाई के लिए फिलहाल स्थगित कर दिया गया है और उनके संपर्क में आए खिलाड़ियों की रिपोर्ट निगेटिव आने के बाद ही बुधवार को दूसरा मैच खेला जाएगा। जबकि तीसरा और आखिरी मैच शुक्रवार को होगा। बता दें कि सभी मुकाबले कोलंबो के प्रेमदासा स्टेडियम में ही खेले जा रहे हैं।
More details here – https://t.co/dk5b0EHoHw#SLvIND https://t.co/2y3s1ve9MC
— BCCI (@BCCI) July 27, 2021
मैच के स्थगित होने की वजह से अब दूसरे मैच में पृथ्वी शॉ और सूर्यकुमार यादव का खेलना भी मुश्किल हो गया है, क्योंकि इन दोनों खिलाड़ियों को इंग्लैंड दौरे के लिए बतौर रिप्लेसमेंट चुना गया है।
बता दें कि भारतीय टीम इस समय श्रीलंका दौरे पर है। यहां उसे तीन मैचों की टी-20 सीरीज खेलनी है, जिसका पहला मुकाबला उसने 38 रनों से जीत लिया है और सीरीज में 1-0 की बढ़त भी हासिल कर ली है।
ऋषभ पंत हो चुके कोरोना संक्रमित
इंग्लैंड में मौजूद भारतीय टेस्ट टीम में भी कोरोना के मामले सामने आए थे और विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत इसकी चपेट में आए थे। जिस कारण वह डरहम में हुए अभ्यास मैच में हिस्सा नहीं ले सके थे। हालांकि निगेटिव रिपोर्ट आने और क्वारंटीन पीरियड पूरा करने के बाद वह टीम से जुड़ गए थे।
क्रिकेट पर लगातार कोरोना अटैक
हाल ही में 22 जुलाई को वेस्टइंडीज और ऑस्ट्रेलिया के बीच मुकाबला भी कोरोना वायरस की वजह से सस्पेंड करना पड़ा था। दरअसल, दूसरे वनडे मैच में टॉस के तुरंत बाद जैसे ही कोरोना का केस मिला तो दोनों टीमों के खेमे में हड़कंप मच गया। पहली गेंद फेंकने से ठीक कुछ मिनट पहले मैच को रद्द करने की घोषणा हुई।