सीहोर जिले के रेहटी नगर में हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी ख्वाजा अमरुद्दीन चिश्ती उर्फ सिपाही बाबा का उर्स श्रद्धा, आस्था और आपसी भाईचारे के साथ मनाया गया। 21 मार्च को आयोजित इस धार्मिक आयोजन में हिंदू-मुस्लिम समाज के लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और सांप्रदायिक सौहार्द का संदेश दिया।
उर्स के अवसर पर पत्रकार नरेंद्र यादव के निवास से चादर, फूल एवं प्रसाद के साथ भव्य जुलूस निकाला गया, जो वार्ड क्रमांक 9 स्थित कोलार कॉलोनी के दरबार-ए-हुसैन पहुंचा। यहां से ढोल-नगाड़ों के साथ सैकड़ों श्रद्धालु सिपाही बाबा की दरगाह पहुंचे और अकीदत के साथ चादर पेश कर फूल चढ़ाए।
कार्यक्रम के दौरान शाकिर भाई एवं शानू द्वारा फातेहा पढ़ी गई तथा देश, प्रदेश और जिले में अमन-चैन व खुशहाली की दुआ मांगी गई। इस अवसर पर बड़ी संख्या में महिलाएं, पुरुष, बुजुर्ग एवं बच्चे मौजूद रहे।
मान्यता है कि सिपाही बाबा की दरगाह पर सच्चे मन से मांगी गई मुरादें पूरी होती हैं, यही कारण है कि यहां दूर-दूर से श्रद्धालु अपनी मनोकामनाएं लेकर पहुंचते हैं और पूरी होने पर चादर चढ़ाते हैं।
इस अवसर पर नगर परिषद अध्यक्ष सहित कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। उर्स ने एक बार फिर यह साबित किया कि रेहटी की गंगा-जमुनी तहजीब आज भी जीवित है, जहां सभी धर्मों के लोग मिलकर एक-दूसरे के पर्वों को सम्मान के साथ मनाते हैं।