1. हिन्दी समाचार
  2. बिज़नेस
  3. जबरदस्त उतार-चढ़ाव के बाद Sensex, Nifty मामूली गिरावट के साथ बंद

जबरदस्त उतार-चढ़ाव के बाद Sensex, Nifty मामूली गिरावट के साथ बंद

By: RNI Hindi Desk 
Updated:
जबरदस्त उतार-चढ़ाव के बाद Sensex, Nifty मामूली गिरावट के साथ बंद

घरेलू शेयर बाजारों में बुधवार को काफी उतार-चढ़ाव देखने को मिला। हालांकि, धातु और वाहन सेक्टर की कंपनियों के शेयरों में रिकवरी के बाद सेंसेक्स और निफ्टी में थोड़ा सुधार देखने को मिला और वे मामूली गिरावट के साथ बंद हुए। BSE Sensex 37.40 अंक यानी 0.08 फीसद की गिरावट के साथ 44,618.04 अंक के स्तर पर बंद हुआ।

इसी तरह NSE Nifty 4.80 अंक यानी 0.04 फीसद की गिरावट के साथ 13,113.80 अंक के स्तर पर बंद हुआ। सेक्टोरल इंडेक्स की बात की जाए तो मेटल इंडेक्स में दो फीसद और ऑटो इंडेक्स में एक फीसद की तेजी देखने को मिली। हालांकि, बैंकिंग शेयरों में मुनाफावसूली देखी गई।

सेंसेक्स पर ओएनजीसी के शेयरों में सबसे ज्यादा 4.11 फीसद, एशियन पेंट में 3.74 फीसद, टाइटन में 3.48 फीसद, टाटा स्टील के शेयरों में 3.19 फीसद और बजाज ऑटो के शेयरों में 2.60 फीसद की तेजी देखने को मिली। इनके अलावा महिंद्रा एंड महिंद्रा, मारुति, एनटीपीसी, एचसीएलटेक, भारती एयरटेल, सन फार्मा, पावरग्रिड, एक्सिस बैंक, टीसीएस, आईटीसी, बजाज फिनजर्व, अल्ट्राटेक सीमेंट, इन्फोसिस, हिन्दुस्तान यूनिलीवर, इंडसइंड बैंक, रिलायंस और टेक महिंद्रा के शेयर हरे निशान के साथ बंद हुए।

दूसरी ओर कोटक महिंद्रा बैंक के शेयरों में सबसे ज्यादा 3.28 फीसद की गिरावट देखने को मिली। इसके अलावा एचडीएफसी बैंक, एचडीएफसी, आईसीआईसीआई बैंक, नेस्ले इंडिया, बजाज फाइनेंस, एसबीआई और लार्सन एंड टुब्रो लाल निशान के साथ बंद हुए।

अन्य एशियाई बाजारों की बात की जाए तो टोक्यो का Nikkei 225 और चीन का शंघाई कम्पोजिट इंडेक्स मामूली बढ़त के साथ बंद हुए। वहीं, दक्षिण कोरिया का Kospi 1.6 फीसद की तेजी के साथ बंद हुआ। हांगकांग हांगसेंग 0.2 फीसद की गिरावट के साथ बंद हुआ।

Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...