सीएए और एनआरसी हिंसा से प्रभावित संभल जिले में होली से पहले पुलिस प्रशासन ने बड़ी कार्यवाही करते हुए 547 लोगों को रेड कार्ड नोटिस जारी किया है। जिले में किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना की स्थिति में प्रशासन इन सभी लोगों के खिलाफ कार्यवाही कर सकता है। वहीं सुरक्षा की दृष्टि से आर ए एफ के साथ पुलिस प्रशासन ने फ्लैग मार्च भी किया।
आपको बता दें कि बीते वर्ष 19 और 20 दिसंबर को सीएए एवं एनआरसी के विरोध में सम्भल जिले में हिंसा भड़की थी। जिसमें पथराव आगजनी के बीच दो लोगों की मौत हुई थी और तमाम पुलिसकर्मी घायल हुए थे जिसके बाद सम्भल में भारी तादाद में पुलिस बल तैनात कर दिया गया। चूंकि होली का पर्व नजदीक है जिसे देखते हुए सम्भल में रैपिड एक्शन फोर्स पहुंच गई है, जिसके साथ पुलिस प्रशासन ने फ्लैग मार्च किया।
पुलिस अधीक्षक यमुना प्रसाद ने बताया कि, सीएए और एनआरसी की विरोध की हिंसा से झुलसे सम्भल में त्यौहार के मद्देनजर पुलिस प्रशासन किसी भी तरह की कमी नहीं छोड़ रहा है। साथ ही उन्होंने बताया कि, जिले में 547 लोगों को रेड कार्ड नोटिस जारी किया गया है, अगर किसी ने भी त्यौहार के मद्देनजर शांति व्यवस्था को खतरा पहुंचाने की कोशिश की तो उसके खिलाफ कठोर कार्यवाही अमल में लाई जाएगी। इसके अलावा जिले को 3 जॉन एवं 11 सेक्टर तथा 11 सब सेक्टर में बांटा गया है।