( सहारनपुर से आजम खान की रिपोर्ट)
देशभर में कोरोना वायरस के प्रकोप के चलते शासन प्रशासन की अपील के बाद 51 सिद्धपीठ में से एक सिद्धपीठ मां शाकुंभरी देवी मंदिर के कपाट श्रद्धालुओं के दर्शनों के लिए बंद कर दिए गए हैं। हालांकि कपाट बंद होने के बावजूद श्रद्धालु देवी दर्शनों को पहुंच रहे हैं, जिन्हें निराशा हाथ लग रही है। शाकुंभरी मंदिर के साथ साथ बाबा भूरादेव और छिन्नमिस्ता देवी मंदिर के कपाट भी पूरी तरीके से बन्द किए गए है। इसके अलावा चैत्र नवरात्र पर लगने वाले विशाल मेले को भी एक सप्ताह के लिए स्थगित कर दिया गया है।
आपको बता दें कि, चीन से शुरू हुए कोरोना वायरस ने देशभर में पैर पसार लिए हैं। भारत में भी कोरोना के चलते कई लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि काफी लोग कोरोना से संक्रमित बताए जा रहे हैं। कोरोना के प्रकोप को लेकर 51 सिद्धपीठ में से एक सिद्धपीठ मां शाकुंभरी देवी मंदिर के कपाट एहतियातन बंद कर दिए गए हैं।
तो वहीं, सहारनपुर मुख्यालय से करीब 45 किलोमीटर दूर शिवालिक पहाड़ियों के बीच स्थित सिद्धपीठ मां शाकुंभरी देवी मंदिर के दर्शनों के लिए प्रतिदिन हजारों श्रद्धालु पहुंचते हैं। जबकि चैत्र नवरात्र के मौके पर यहां विशाल मेले का आयोजन किया जाता है। मेले में प्रतिदिन लाखों की संख्या में श्रद्धालु मां भवानी के दर्शन को पहुंचते हैं।
मंदिर के व्यवस्थापक आदित्य राणा व आतुल्य राणा द्वारा एहतियात के तौर पर मंदिर के कपाट दर्शनों के लिए बंद करा दिए गए। व्यवस्थापक आतुल्य राणा ने बताया कि, चैत्र नवरात्र पर लगने वाला विशाल मेला भी 1 सप्ताह के लिए स्थगित कर दिया गया है, दूसरी ओर मां भवानी के दर्शनों के लिए श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। लेकिन मंदिर के गेट पर ताला लगे देख उन्हें निराशा हाथ लग रही है। हालांकि श्रद्धालुओं ने बाहर से ही हाथ जोड़कर प्रार्थना की। उधर चैत्र नवरात्रि के मौके पर लगने वाले विशाल मेले की तैयारियां भी धरी की धरी रह गई।