रेलवे की गैर तकनीकी लोकप्रिय संवर्ग की भर्ती परीक्षा (RRB NTPC) में धांधली के आरोप में छात्र आंदोलन लगातार बढ़ता दिख रहा है। आंदोलन के पांचवे दिन शुक्रवार को छात्र संगठनों ने बिहार बंद का आह्वान किया है। इसे कई छात्र संगठनों व महागठबंधन के घटक दलों सहित विपक्ष ने समर्थन दिया है।
इस मामले में बिहार में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (BJP) में भारतीय जनता पार्टी (BJP) को छोड़कर छोड़ कर सभी घटक दल भी बंद समर्थकों के साथ खड़े दिख रहे हैं। प्रदर्शनकारियों ने पटना में जगह-जगह सड़क जाम कर दिया है। अभी तक पटना, दरभंगा, वैशाली, मोतिहारी व समस्तीपुर सहित कई जगहों से सड़क जाम खबरें मिली हैं। दरभंगा में ट्रेन भी रोकी गई है। इस बीच छात्रों को भड़काने के आरोपित पटना के खान सर (Khan Sir) ने छात्रों से आंदोलन में शामिल नहीं होने की अपील कर दी है। बंद को देखते हुए पूरे राज्य में पुलिस अलर्ट मोड में है।
मोतिहारी शहर के छतौनी चौक स्थित राजमार्ग पर आगजनी कर आवागमन ठप कर दिया गया है। जाम के कारण सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गई है।
बंद को देखते हुए गया जंक्शन पर भारी संख्या में रेलवे सुरक्षा बल की तैनाती की गई है। उधर, जहानाबाद में आरजेडी कार्यकर्ता सड़क पर हैं। उन्होंने काको में सड़क जाम कर विरोध-प्रदर्शन किया है। अरवल में भी आरजेडी कार्यकर्ता सड़कों पर हैं।
पटना के डाक बंगला चौराहा पर बंद समर्थक जुट गए हैं। बाढ़ में छात्र संगठनों ने आगजनी कर सवेरा चौक के पास हाईवे जाम कर दिया है। छात्र अब रेलवे स्टेशन की ओर बढ़ गए हैं। पटना के नंदलाल छपरा के पास आरजेडी समर्थकों ने बाईपास जाम कर दिया है। पटना के मसौढ़ी मे सुबह से हीं दुकानें बंद हैं।सड़कों पर वाहनों का परिचालन बंद है। बंद समर्थक सड़कों पर हैं।
बिहार बंद का असर अब ट्रेनों पर भी पड़ने लगा है। के दौरान दरभंगा में आंदोलनकारियों ने ट्रेन रोक कर प्रदर्शन किया है। बंद समर्थक अब पटना के राजेंद्र नगर टर्मिनल व बाढ़ स्टेशन पहुंचने वाले हैं।
पटना जंक्शन, राजेंद्र नगर टर्मिनल, पाटलिपुत्र स्टेशन एवं दानापुर स्टेशन की स्थिति सामान्य है। वहां आरपीएफ व जीआरपी की तैनाती की गई है। स्टेशनों के बाहर पटना पुलिस की तरफ से भी पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है।
पटना में जन अधिकार पार्टी के कार्यकर्ता भी बिहार बंद के समर्थन में उतरे। उन्होंने छात्रों के साथ मिलकर अशोक राजपथ जाम कर दिया है।
पटना के भिखना पहाड़ी इलाके में बिहार बंद को लेकर आरजेडी का हंगामा। आरजेडी कार्यकर्ताओं ने सड़क जाम कर हंगामा कर दिया है। इससे आवागमन बाधित हो गया है।