भारतीय टीम के विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत की खराब फॉर्म टीम के लिए एक चिंता का विषय बनी है। हाला की अभ्यास मैच की दूसरी पारी में पंत ने 70 रनों की पारी खेली थी लेकिन पंत का खराब दौर जारी है।

जिसको लेकर टेस्ट टीम के उपकप्तान अजिंक्य रहाणे ने कहा ऋषभ पंत को स्वीकार करना होगा कि वह खराब दौर से गुजर रहे हैं और उन्हें बतौर क्रिकेटर बेहतर होने पर फोकस जारी रखना होगा।

पहले टेस्ट से पहले रहाणे ने कहा, ‘यह स्वीकार करना जरूरी है कि आप कहां खड़े हैं। सकारात्मक रहकर ज्यादा से ज्यादा सीखने की जरूरत है। बात सीनियर या जूनियर की नहीं है।’ पंत को खराब फॉर्म के चलते न्यूजीलैंड दौरे पर टी-20 और वनडे सीरीज के सभी मुकाबलों में नहीं खिलाया गया था बल्कि उनकी जगह के.एल. राहुल ने सभी मैचों में विकेटकीपिंग की थी।

ऋषभ को बाहर बैठाने की बात को लेकर रहाणे ने कहा, ‘किसी को भी बाहर बैठना अच्छा नहीं लगता, लेकिन यह स्वीकार करना होगा कि टीम को उस दिन क्या जरूरत है। हर खिलाड़ी के लिए स्थिति को स्वीकार करना अहम है। जो हम नियंत्रण में रख सकते हैं, उसी पर फोकस रखना होगा। बतौर क्रिकेटर मेहनत करते रहना होगा।’