1. हिन्दी समाचार
  2. बड़ी खबर
  3. बिहार में मुफ्त टीके पर उद्धव ने किया भाजपा से सवाल, पूछा- बाकी राज्यों के लोग क्या बांग्लादेश से आए?

बिहार में मुफ्त टीके पर उद्धव ने किया भाजपा से सवाल, पूछा- बाकी राज्यों के लोग क्या बांग्लादेश से आए?

By: RNI Hindi Desk 
Updated:
बिहार में मुफ्त टीके पर उद्धव ने किया भाजपा से सवाल, पूछा- बाकी राज्यों के लोग क्या बांग्लादेश से आए?

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने बिहार में कोरोना का टीका मुफ्त उपलब्ध कराने के बीजेपी के चुनावी वादे पर तंज कसते हुए कहा कि क्या दूसरे राज्यों के लोग बांग्लादेश या कजाकिस्तान से आए हैं?

ठाकरे दादर के सावरकर हॉल में आयोजित शिवसेना की वार्षिक दशहरा रैली को संबोधित कर रहे थे। इस बार कोरोना वायरस की रोकथाम के नियमों के चलते हर साल की तरह शिवाजी पार्क में यह आयोजन नहीं किया गया।

ठाकरे ने कहा, ‘‘आप बिहार में लोगों के लिए कोरोना के मुफ्त टीके का वादा करते हैं, तो क्या अन्य राज्यों के लोग बांग्लादेश या कजाकिस्तान से आए हैं? ऐसी बातें कर रहे लोगों को खुद पर शर्म आनी चाहिए। आप केंद्र में बैठे हैं।”

अभिनेत्री कंगना रनौत पर परोक्ष निशाना साधते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि कुछ लोग रोजी-रोटी के लिए मुंबई आते हैं और शहर को पीओके (पाकिस्तान के कब्जे वाला कश्मीर) बोलकर उसे गाली देते हैं।

मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने सुशांत सिंह राजपूत की मौत के मामले में अपने बेटे आदित्य ठाकरे पर लग रहे आरोपों पर चुप्पी तोड़ते हुए कहा, ‘‘बिहार के बेटे को न्याय के लिए शोर मचा रहे लोग महाराष्ट्र के बेटे के चरित्र हनन में लगे हैं।”

उन्होंने कहा कि मौजूदा जीएसटी प्रणाली पर पुनर्विचार करने का वक्त आ गया है और अगर जरूरी हुआ तो इसे बदला जाना चाहिए क्योंकि राज्यों को इससे फायदा नहीं मिल रहा है।
ठाकरे ने कहा, ‘‘हमें (महाराष्ट्र को) अभी तक जीएसटी का 38,000 करोड़ रुपये का बकाया नहीं मिला है।” उन्होंने कहा कि बीजेपी को लोगों को जाति और धर्म के आधार पर नहीं बांटना चाहिए।

मुख्यमंत्री ठाकरे ने बिहार के सीएम नीतीश कुमार के 2014 में संघ मुक्त भारत वाली बात पर भी निशाना साधा, उन्होंने कहा, नीतीश ने तब धर्म निरपेक्षता का चेहरा अपनाकर भाजपा के खिलाफ प्रधानमंत्री पद की उम्मीदवारी जाहिर की थी।

ठाकरे ने बिहार में नीतीश संग गठबंधन पर भाजपा से पूछा कि क्या नीतीश ने हिंदुत्व को लूटा है या भाजपा अब धर्मनिरपेक्ष हो गई है।अपने सम्बोधन में मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने संघ प्रमुख डॉ मोहन भागवत के भाषण का हवाला देते हुए कहा, संघ प्रमुख कहते हैं कि हिंदुत्व केवल पूजा अनुष्ठानों का पालन करने तक ही सीमित रह गया है।

राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी पर निशाना साधते हए कहा, भागवत की तरह काली टोपी पहनने वाले अगर दिमाग रखते हैं तो उन्हें इस बात के मायने समझने चाहिए। ठाकरे का इशारा मंदिर खोलने को लेकर कोश्यारी के हिंदुत्व पर आए बयान की ओर था।

Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...