रिपोर्ट: सत्यम दुबे
नई दिल्ली: अमेरिका पर तंज कसते हुए रुस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने शनिवार को कहा कि पीएम मोदी और चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग दोनो जिम्मेदार नेता हैं। उन्होने आगे कहा कि दोनो नेता दोनो देश के बीच मुद्दों का समाधान करने में सक्षम हैं। उन्होने बिना किसी का नीम लिए अमेरिका पर तंज कसा है, और उन्होने कहा कि यह महत्वपूर्ण है कि ‘क्षेत्र से इतर किसी भी ताकत’ को इस प्रक्रिया में हस्तक्षेप नहीं करना चाहिए।
आपको बता दें कि चार देशों के समूह क्वॉड (भारत, अमेरिका, जापान और ऑस्ट्रेलिया) की रूस ने सार्वजनिक रूप से आलोचना किया है। इसके साथ ही पुतिन ने कहा कि किसी राष्ट्र को किसी पहल में किस तरह शामिल होना चाहिए और उन्हें अन्य देशों के साथ किस सीमा तक संबंध बनाने चाहिए, यह आकलन करने का काम मॉस्को का नहीं है, लेकिन कोई भी साझेदारी किसी अन्य के खिलाफ एकजुट होने के मकसद से नहीं होनी चाहिए।
पुतिन ने ये बातें क्वॉड और इस समूह में भारत के शामिल होने पर मॉस्को की राय के बारे में पूछे गए सवाल के जवाब में की हैं। वहीं, पुतिन की यह टिप्पणी चीन के उस दावे की पृष्ठभूमि में आई है कि राष्ट्रों का यह समूह रणनीतिक हिंद-प्रशांत क्षेत्र में पेइचिंग के प्रभाव को नियंत्रित करने के लिए बनाया गया है।
पुतिन ने जोर देते हुए कहा कि भारत के साथ रूस की साझेदारी और मॉस्को और पेइचिंग के बीच संबंध में कोई ‘विरोधाभास’ नहीं है। पुतिन ने कहा, ‘हां, मैं जानता हूं कि भारत और चीन के संबंधों से जुड़े कुछ मुद्दे हैं लेकिन पड़ोसी देशों के बीच अनेक मुद्दे हमेशा से होते हैं। हालांकि, मैं भारत के प्रधानमंत्री और चीन के राष्ट्रपति, दोनों के रूख से अवगत हूं। वे बहुत ही जिम्मेदार लोग हैं और एक-दूसरे के साथ दृढ़ निश्चय और पूरे सम्मान के साथ पेश आते हैं। मुझे भरोसा है कि सामने कोई भी मुद्दा आ जाए, वे उसका समाधान निकाल ही लेंगे।’
उन्होंने कहा, ‘लेकिन यह महत्वपूर्ण है कि क्षेत्र से इतर किसी भी ताकत को इसमें हस्तक्षेप नहीं करना चाहिये।’