बुरहानपुर। जिले के खकनार थाना क्षेत्र में लगातार बारिश के बाद देड़तलाई–बालापाट मार्ग एक बार फिर जलमग्न हो गया है। सड़क पर तेज बहाव के साथ पानी गुजरने से राहगीरों और स्कूली बच्चों की सुरक्षा पर खतरा मंडरा रहा है। बारिश के मौसम में यह समस्या हर वर्ष सामने आती है, जिससे लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
देड़तलाई, चौखंडिया, पिपरीबोरबन सहित आसपास के 8 से 10 गांवों के लिए यह मार्ग मुख्य संपर्क सड़क है। जलभराव के कारण ग्रामीणों का आवागमन प्रभावित हो रहा है और रोजमर्रा के कार्यों के लिए भी लोगों को जोखिम उठाकर सफर करना पड़ रहा है।

यह सड़क मध्यप्रदेश और महाराष्ट्र को जोड़ने वाले महत्वपूर्ण मार्गों में से एक मानी जाती है। प्रतिदिन सैकड़ों ग्रामीण इसी रास्ते से आवागमन करते हैं। सड़क पर पानी बहने से वाहन चालकों और पैदल यात्रियों के लिए दुर्घटना का खतरा बढ़ गया है।
स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि हर वर्ष बारिश में यही स्थिति बनती है, लेकिन अब तक स्थायी समाधान नहीं हो पाया है। लोगों ने प्रशासन से जल्द से जल्द पुलिया का निर्माण कर सुरक्षित और सुगम आवागमन सुनिश्चित करने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते आवश्यक कदम नहीं उठाए गए तो भविष्य में कोई बड़ा हादसा हो सकता है।