भोपाल: मध्य प्रदेश में किसानों की फसल खरीदी और दतिया उपचुनाव को लेकर राजनीतिक बयानबाज़ी तेज़ हो गई है। भाजपा ने कांग्रेस पर किसानों के नाम पर भ्रम फैलाने और उपचुनाव में संभावित हार से पहले बहाने बनाने का आरोप लगाया है। भाजपा प्रवक्ता अजय यादव ने दावा किया कि प्रदेश सरकार किसानों के हितों के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है।
भाजपा प्रवक्ता अजय यादव ने कहा कि मध्य प्रदेश की भाजपा सरकार किसानों के हितों की रक्षा के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में किसानों को पर्याप्त मात्रा में खाद और बीज उपलब्ध कराया गया है और मूंग की खरीदी वास्तविक उत्पादन के आधार पर की जा रही है। साथ ही केंद्र सरकार से खरीदी का कोटा बढ़ाने का आग्रह भी किया गया है
अजय यादव ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में किसानों की उपज की उचित खरीदी नहीं हुई और कई किसान हितैषी योजनाएं बंद कर दी गईं। उन्होंने आरोप लगाया कि अब कांग्रेस के पास कोई ठोस मुद्दा नहीं बचा है, इसलिए वह किसानों के बीच भ्रम फैलाने की कोशिश कर रही है।
दतिया उपचुनाव को लेकर भाजपा ने जीत का दावा करते हुए कहा कि कांग्रेस अपनी हार को लेकर पहले से बहाने तलाश रही है। अजय यादव ने कांग्रेस की अंदरूनी स्थिति पर सवाल उठाते हुए कहा कि पार्टी के वरिष्ठ नेता चुनाव प्रचार से दूरी बनाए हुए हैं, जिसका जवाब कांग्रेस नेतृत्व को देना चाहिए।
भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं तथा संगठन की मजबूती के कारण जनता का समर्थन भाजपा के साथ है। उन्होंने विश्वास जताया कि दतिया उपचुनाव में भाजपा को भारी जीत मिलेगी।
भाजपा ने दावा किया है कि प्रदेश के किसानों की उपज का एक-एक दाना खरीदा जाएगा और उन्हें किसी प्रकार की परेशानी नहीं होने दी जाएगी। वहीं दतिया उपचुनाव में भी पार्टी ने विकास और सुशासन के मुद्दे पर जीत का भरोसा जताया है