नोएडाः नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट (जेवर) का उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 28 मार्च को करेंगे। उद्घाटन से कार्यक्रम से ठीक पहले तैयारियों का जायजा लेने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ नोएडा पहुंचे। इस दौरान उन्होंने हवाई सर्वेक्षण कर निर्माण कार्यों, जनसभा स्थल व आवागमन मार्गों का निरीक्षण किया और हेलीकॉप्टर से रनवे पर लैंडिंग की।

निरीक्षण के बाद सीएम योगी ने अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक कर उद्घाटन कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए समन्वय से तैयारियां तेज करने के निर्देश दिए। इसके बाद वे पब्लिक टर्मिनल बिल्डिंग और जनसभा स्थल पर पहुंचे, जहां मौजूद अधिकारियों से एक-एक चीज की विस्तृत जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने स्थलीय निरीक्षण के दौरान सुरक्षा, यातायात प्रबंधन और अन्य व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान दिया।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एयरपोर्ट के ऑफिस में गौतम बुद्ध नगर के साथ आसपास के जिलों के जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और पार्टी पदाधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक की। जहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा प्रस्तावित उद्घाटन कार्यक्रम को सफल बनाने पर चर्चा हुई।

मुख्यमंत्री ने सभी से समन्वय बनाकर तैयारियां तेज करने के निर्देश दिए, जिससे 28 मार्च को होने वाले ऐतिहासिक उद्घाटन में कोई कोर कसर शेष न रहे। बहरहाल सभी को इस एयरपोर्ट के उद्घाटन से उत्तर प्रदेश की कनेक्टिविटी और आर्थिक विकास को नई गति मिलने की उम्मीद है।