बुरहानपुर: जिले की ग्राम पंचायत घाघरला में पर्यावरण संरक्षण को लेकर आयोजित ‘एक पेड़ मां के नाम’ वृक्षारोपण अभियान जनभागीदारी का उदाहरण बन गया। मां पोहरा देवी वूमेन एंड चिल्ड्रन वेल्फेयर सोसायटी, वन विभाग और ग्राम पंचायत के संयुक्त आयोजन में बड़ी संख्या में लोगों ने हिस्सा लिया और 500 पौधों का रोपण कर हरियाली का संदेश दिया।
कार्यक्रम में खंडवा संसदीय क्षेत्र के सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल और नेपानगर विधायक मंजू दादू सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और ग्रामीण मौजूद रहे। सभी ने मिलकर पौधे लगाए और पर्यावरण संरक्षण के प्रति लोगों को जागरूक किया।
सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल ने कहा कि पेड़-पौधे केवल प्रकृति की संपदा नहीं हैं, बल्कि मानव जीवन के लिए बेहद जरूरी हैं। उन्होंने कोरोना काल का जिक्र करते हुए कहा कि उस समय ऑक्सीजन की कमी ने पूरी दुनिया को पेड़ों के महत्व का एहसास कराया। उन्होंने कहा कि लगातार हो रही पेड़ों की कटाई और पर्यावरण असंतुलन के कारण जलवायु परिवर्तन और बढ़ते तापमान जैसी समस्याएं सामने आ रही हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अपनी मां के सम्मान में कम से कम एक पौधा जरूर लगाएं और उसकी देखभाल की जिम्मेदारी भी निभाएं।
नेपानगर विधायक मंजू दादू ने कार्यक्रम के दौरान स्थानीय कोरकू भाषा में ग्रामीणों को संबोधित किया। उन्होंने पेड़-पौधों के महत्व और पर्यावरण संरक्षण की जरूरत को सरल भाषा में समझाया। स्थानीय भाषा में दिए गए संदेश से ग्रामीणों में उत्साह देखने को मिला और लोगों ने पौधों के संरक्षण का संकल्प लिया।

कार्यक्रम की खास बात यह रही कि मां पोहरा देवी वूमेन एंड चिल्ड्रन वेल्फेयर सोसायटी से जुड़े युवाओं ने लगाए गए सभी पौधों की सुरक्षा और देखभाल का जिम्मा उठाया। युवाओं ने संकल्प लिया कि इन पौधों को सुरक्षित रखकर बड़े वृक्षों में बदलने तक उनकी जिम्मेदारी निभाई जाएगी, ताकि आने वाली पीढ़ियों को बेहतर पर्यावरण मिल सके।
वृक्षारोपण कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, वन विभाग के अधिकारियों, समाजसेवियों और ग्रामीणों ने भागीदारी की। लोगों ने पौधारोपण को पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ सामाजिक जिम्मेदारी से जोड़ते हुए अभियान को सफल बनाने का संकल्प लिया।
घाघरला में आयोजित यह अभियान केवल पौधे लगाने तक सीमित नहीं रहा, बल्कि इनके संरक्षण की जिम्मेदारी के साथ एक सकारात्मक संदेश भी दिया गया। लगाए गए पौधे आने वाले समय में पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।