बॉलीवुड एक्ट्रेस कियारा आडवाणी इन दिनों अपने करियर का शानदार दौर एंजॉय कर रही हैं। शाहिद कपूर की फ़िल्म कबीर सिंह के बेतहाशा कामायबी के बाद कियारा का करियर रफ़्तार से दौड़ रहा है। ऐसे में वो लीक फोटो में कोरियोग्राफर से डायरेक्टर बनीं फराह ख़ान के साथ दिख रही हैं।

इस फोटो के बारे में अधिक जानकारी नहीं है, मगर ऐसा लगता है कि कियारा किसी शूट के बाद शॉट चेक कर रही हैं। तस्वीर में जाने-माने फोटोग्राफर अविनाश गोवारिकर भी नज़र आ रहे हैं। इन दोनों के बाद कियारा का कोई प्रोजेक्ट है।
वैसे कियारा के करियर की बात करें तो उनकी फ़िल्म इंदु की जवानी रिलीज़ के लिए तैयार है। इस फ़िल्म को लेकर ख़बर आयी थी कि अनलॉक 5 में सिनेमाघर खुल जाने के कारण फ़िल्म थिएटर्स में रिलीज़ हो सकती है।
अबीर सेनगुप्ता निर्देशित फ़िल्म में कियारा का किरदार काफ़ी दिलचस्प है। वो गाज़ियाबाद की एक लड़की के किरदार में हैं, जो डेटिंग ऐप के ज़रिए प्यार तलाशने निकली है।
फ़िल्म में आदित्य सील भी हैं। इसके अलावा कियारा अक्षय कुमार के साथ लक्ष्मी बम में नज़र आने वाली हैं, जो दिवाली के मौक़े पर 9 नवम्बर को डिज़्नी प्लस हॉटस्टार पर रिलीज़ की जाएगी। यह फ़िल्म ऑस्ट्रेलिया, न्यूज़ीलैंड और यूएई में सिनेमाघरों में भी रिलीज़ हो रही है।
अनीस बज़्मी निर्देशित भूल भुलैया 2 में कियारा कार्तिक आर्यन के साथ फीमेल लीड रोल में हैं। परमवीर चक्र विजेता कारगिल वॉर हीरो कैप्टन विक्रम बत्रा की बायोपिक शेरशाह में कियारा फीमेल लीड रोल में हैं।
विष्णुवर्धन निर्देशित फ़िल्म में सिद्धार्थ मल्होत्रा विक्रम बत्रा के किरदार में हैं। पिछले साल कियारा अक्षय कुमार के साथ गुड न्यूज़ में नज़र आयी थीं। हालांकि उनकी पेयरिंग दिलजीत दोसांझ के साथ थी।