रोहतास/डेहरी। रोहतास जिले के डेहरी स्थित एनीकट क्षेत्र में सोन नदी के किनारे निर्माणाधीन वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट (WTP) को लेकर राहत की खबर है। सोन नदी का जलस्तर बढ़ने के कारण प्लांट का कुछ हिस्सा पानी में डूब गया था, लेकिन प्रशासन के मुताबिक प्लांट को किसी बड़े नुकसान की सूचना नहीं है।
सोन नदी में जलस्तर बढ़ने के कारण एनीकट क्षेत्र में बन रहे वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट के कुछ हिस्से में पानी पहुंच गया था। इससे आसपास लोगों में प्लांट की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई थी।
हालांकि, अधिकारियों के अनुसार स्थिति फिलहाल नियंत्रण में है और नदी का पानी धीरे-धीरे कम हो रहा है।
रोहतास के डीएम दीपक कुमार मिश्रा ने बताया कि नदी का पानी बढ़ने की संभावना को देखते हुए प्लांट में मौजूद महत्वपूर्ण मशीनरी और जरूरी उपकरणों को समय रहते सुरक्षित स्थान पर हटा लिया गया था। इसी वजह से पानी भरने के बावजूद प्लांट को किसी बड़े नुकसान से बचाया जा सका। डीएम ने स्पष्ट किया कि निर्माणाधीन WTP पूरी तरह सुरक्षित है और फिलहाल किसी गंभीर क्षति की जानकारी नहीं है।
यह वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट सासाराम, डेहरी और औरंगाबाद के लोगों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने की महत्वपूर्ण परियोजना का हिस्सा है। करीब दो साल पहले तत्कालीन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने इस परियोजना का शिलान्यास किया था। प्लांट का निर्माण कार्य अब अंतिम चरण में बताया जा रहा है। परियोजना के पूरा होने के बाद संबंधित क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति व्यवस्था को बेहतर बनाने में मदद मिलने की उम्मीद है।
सोन नदी में बढ़े जलस्तर के बीच सोन बराज से पानी के डिस्चार्ज को भी धीरे-धीरे कम किया जा रहा है। इसके साथ ही नदी का जलस्तर कम होने लगा है। प्रशासन की नजर पूरे हालात पर बनी हुई है। अधिकारियों का कहना है कि जरूरी उपकरणों को पहले ही सुरक्षित कर लिए जाने के कारण WTP पर जलभराव का बड़ा असर नहीं पड़ा है।
डेहरी के एनीकट में निर्माणाधीन इस परियोजना का काम अंतिम दौर में पहुंच चुका है। प्रशासन के मुताबिक नदी में पानी बढ़ने से उत्पन्न स्थिति के बावजूद परियोजना सुरक्षित है और जलस्तर सामान्य होने के बाद निर्माण कार्य को आगे बढ़ाया जा सकेगा।