नोएडा सेक्टर-100 की ब्लूवर्ड सोसाइटी में काम करने वाले लोगों ने सड़क पर उतर कर प्रदर्शन किया। इन लोगों की मांग थी कि, सोसाइटी के बाहर सड़क पर सुरक्षा के इंतजाम होने चाहिए, साथ ही बैरियर आदि भी लगने चाहिए। ताकी वह लोग जब सड़क पार करते हैं तो उनकी सुरक्षा हो सके।
दरअसल बीते 15 तारीख को ऐसे ही एक सड़क हादसे में उनके एक साथी की मौत हो गई। जिसके बाद गुस्साए लोगों ने सड़क पर उतर कर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि, सोसाइटी के बाहर की सड़क पर सुरक्षा के कोई इंतजाम नहीं है। जिसके चलते एक युवक (मोनू) की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई।
प्रदर्शनकारियों की मांग है कि, सोसाइटी के बाहर सड़क पर सीसीटीवी कैमरे, ट्रैफिक पुलिस की व्यवस्था और साथ ही बैरियर जैसी व्यवस्था भी हो, ताकी सड़क दुर्घटना दोबारा ना हो। सड़क पर प्रदर्शन की सूचना मिलने के बाद मौके पर पुलिस भी पहुंची। उन्होंने सभी लोगों को समझा-बुझाकर शांत किया और उनकी मांगों को जल्द से जल्द पूरा करने का आश्वासन दिया, जिसके बाद ये लोग सड़कों से हट गए।