(नोएडा से प्रवीण अरोड़ा की रिपोर्ट)
नोएडा के श्री राम मिलिनीयम स्कूल में पढ़ने वाले बच्चे में कोरोना वायरस के लक्षण मिलने की सूचना पर पूरा प्रशासन हरकत में आ गया है। बताया जा रहा है कि, इस स्कूल के एक बच्चे के पिता कोरोनावायरस से पीड़ित हैं। इस बच्चे ने अपने क्लास के अन्य बच्चों को अपनी बर्थडे पार्टी में बुलाया था, जिसमें पांच बच्चों का परिवार इस पार्टी में गया था।
इसके बाद अन्य बच्चों में भी इस वायरस के फैलने की आशंका जताई जा रही थी, खबर मिलते ही स्वास्थ्य विभाग की एक टीम स्कूल पहुंची है। दो बच्चों के सैंपल को परीक्षण के लिए भी भेजा गया है। खुद अनुराग भार्गव, सीएमओ गौतमबुद्ध नगर मौके पर पहुंचे हैं। इसके साथ ही सीएमओ ने स्कूल की सफाई कराने का आदेश दिया है। उन्होंने बताया कि बर्थडे पार्टी में 25 लोग शामिल थे जिन सभी का सैंपल लिया जा चुका है।
बर्थडे पार्टी में शामिल होने वाले लोगों में दो परिवार नोएडा के भी थे। अब तक इन सैंपल की रिपोर्ट नहीं आई है। जानकारी के अनुसार उक्त बच्चे के पिता इटली से आए थे और इस समय उनका इलाज राम मनोहर लोहिया अस्पताल में चल रहा है। यह वही शख्स हैं जिनकी खबर सोमवार को सामने आई थी।
बता दें कि, कोरोना वायरस को लेकर तमाम जगह पर अलर्ट बना हुआ है , ऐसे में नोएडा ओर ग्रेटर नोएडा में मास्क और हैंड सेनीटाइजर की किल्लत मेडिकल स्टोर पर होनी शुरू हो गई है। नोएडा के मेडिकल स्टोर्स पर हैंड सैनिटाइजर मिलना बंद हो गए हैं वहीं, मास्क को लेकर मेडिकल स्टोर के चक्कर काट रहे हैं।
मास्क और हैंड सेनीटाइजर लेने आए लोगों का कहना है नोएडा में मेडिकल स्टोर्स पर मास्क नहीं मिल रहा है जिसकी वजह से दिक्कतें हो रही है। मेडिकल स्टोर संचालक भी यह भी नहीं बता पा रहे हैं कब तक मास्क और हैंड सैनिटाइजर उपलब्ध होंगे।