रिपोर्ट: सत्यम दुबे
नई दिल्ली: टोक्यो ओलंपिक में भारतीय वेटलिफ्टर मीराबाई चानू ने देश को वो गर्व महसूस करवाया, जिसको महसूस करने के लिए देश इंतजार कर रहा था। मीराबाई ने टोक्यो ओलंपिक के पहले दिन ही सिल्वर मेडल जीत कर बता दिया कि देश की बेटियां किसी से भी कम नहीं हैं। मीराबाई के इस उपलब्धि पर देश उनके सम्मान में स्वागत के लिए खड़ा हो गया।
आपको बता दें कि मीराबाई चानू ने टोक्यो ओलंपिक में देश को पहला मेडल दिलाया और इसके साथ ही भारत की ओर से इंडिविजुअल सिल्वर मेडल जीतने वाली पीवी सिंधु के बाद दूसरी खिलाड़ी बनकर इतिहास रच डाला। मीराबाई ने कई युवाओं को एक नई राह दे दी है। मीराबाई के सिल्वर मेडल जीतने के बाद सोशल मीडिया पर एक वीडियो खूब धमाल मचा रहा है। इस विडियो में एक बच्ची मीराबाई चानू के मेडल जीतने के ऐतिहासिक पल की नकल करती नजर आ रही है।
So cute. Just love this. https://t.co/IGBHIfDrEk
— Saikhom Mirabai Chanu (@mirabai_chanu) July 26, 2021
इस वीडियो को उनके साथी वेटलिफ्टर सतीश शिवलिंगम ने शेयर किया है। इस वीडियो को देखकर मीराबाई चानू खुद भी बहुत खुश हो गईं और कहा कि उन्हें यह वीडियो बहुत पसंद आया है।
मीराबाई चानू ने 26 वर्ष में ही वो मुकाम हांसिल कर लिया, जिसको हांसिल करना करोड़ो भारतीयों का सपना होता है। मीराबाई चानू ने टोक्यो ओलंपिक में 49 किलो वेट कैटेगरी में सिल्वर मेडल जीता। इस वीडियो में बच्ची मीराबाई चानू की तरह हाथ में पाउडर लगाती है और फिर वेट उठाती है। पीछे टीवी में मीराबाई चानू के मेडल जीतने का ऐतिहासिक वीडियो चलता हुआ नजर आ रहा है। मीराबाई ने जापान में रिकॉर्ड रचकर सोमवार 26 जुलाई को भारत लौटीं हैं। जहां उनका स्वागत गर्मजोशी से किया गया, और एयरपोर्ट पर ‘भारत माता की जय’ के नारों से पूरा परिसर गूंजने लगा।