उज्जैन में “स्कूल चलें हम” अभियान के तहत शिक्षा को लेकर खास पहल देखने को मिल रही है। जहां अधिकारी और जनप्रतिनिधि सीधे स्कूल पहुंचकर बच्चों से संवाद कर रहे हैं।
कलेक्टर ने मॉडल स्कूल पहुंचकर बच्चों से की चर्चा
शनिवार को जिलेभर के स्कूलों में “भविष्य से भेंट” कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अभियान के तहत 100 से ज्यादा जनप्रतिनिधि और अधिकारी अलग-अलग स्कूलों में पहुंचकर विद्यार्थियों से सीधे बातचीत कर रहे हैं। कलेक्टर रोशन कुमार सिंह ने स्वयं मॉडल स्कूल पहुंचकर बच्चों से चर्चा की। उन्होंने विद्यार्थियों के सवालों के जवाब दिए और अपने छात्र जीवन के अनुभव भी साझा किए।
सिर्फ किताबों तक सीमित न रहें बच्चे- कलेक्टर
कलेक्टर ने बच्चों से कहा कि सिर्फ किताबों तक सीमित न रहें। न्यूज़ पढ़ने की आदत डालें, अपने विचार विकसित करें और लक्ष्य तय कर मेहनत करें। एक छात्रा द्वारा JEE की तैयारी को लेकर पूछे गए सवाल पर कलेक्टर ने सिलेबस पर फोकस और नियमित प्रैक्टिस की सलाह दी। कलेक्टर ने कहा कि नए शिक्षा सत्र की शुरुआत में बच्चों से संवाद करना सुखद अनुभव रहा।
जनप्रतिनिधि स्कूलों में जाकर देंगे मार्गदर्शन
सांसद, विधायक, महापौर सहित कई जनप्रतिनिधि भी अलग-अलग स्कूलों में पहुंचकर विद्यार्थियों को मार्गदर्शन देंगे। इस दौरान स्कूलों की व्यवस्थाओं, अधोसंरचना और पढ़ाई की गुणवत्ता का भी जायजा लिया जा रहा है।
उज्जैन से संवाददाता प्रियंक की रिपोर्ट