दिल्ली में हालात बिगड़ते जा रहे हैं, उधर शाहीन बाग का विरोध प्रदर्शन खत्म नहीं हुआ था कि, अब उत्तर-पूर्वी दिल्ली में भी नागरिकता कानून के विरोध में हिंसक प्रदर्शन शुरू हो गया है। इस बिगड़ते हालात को देखते हुए मेरठ में भी हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है।
नागरिकता संशोधन कानून के विरोध में दिल्ली और अलीगढ़ में हिंसक प्रदर्शन हुआ, जिसमें कई लोगों की जान भी गई और कई घायल भी हैं। इसको देखते हुए उत्तर प्रदेश प्रसाशन अलर्ट पर है और यूपी के मेरठ में हाई अलर्ट जारी कर चप्पे-चप्पे पर फोर्स तैनात कर दिया गया है ताकी किसी भी तरह के हालात पर काबू पाया जा सके।
मेरठ जिले के आलाधिकारियों ने सख्त निर्देश देते हुए कहा है कि, लोगों से बातचीत कर शांति की अपील की जा रही है, अपर नगर मजिस्ट्रेट, सीओ और थानेदार अपने क्षेत्रो में शांति समिति की मीटिंग कर रहे हैं।
बताते चले कि दिल्ली में नागरिकता कानून और एनआरसी के विरोध में चल रहे प्रदर्शन में सोमवार को जाफराबाद-मौजपुर में बोर्ड परीक्षा देकर लौट रहे छात्रों को भी प्रदर्शनकारियों ने अपना शिकार बनाया, उपद्रवियों ने स्कूल ड्रेस में लौट रहे छात्रों को पकड़कर बुरी तरह पीटा। उपद्रवियों ने छात्रों को चिन्हित कर पीटा, हिंसा के बीच में फंसे छात्र खुद की जान बचाते नजर आए। वहीं, एक पुलिसकर्मी सहित 7 लोगों की इस हिंसा में जान चली गई और कई अन्य घायल हैं।