भोपाल संभाग के विभिन्न जिलों से कांग्रेस कार्यकर्ता, किसान प्रतिनिधि और आमजन शाजापुर में एकत्र होकर आगरा-मुंबई हाईवे पर चक्का जाम करेंगे। यह प्रदर्शन किसानों की मांगों और उनके अधिकारों के समर्थन में आयोजित किया जा रहा है।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में पी.सी. शर्मा, प्रवीण सक्सेना, अनोखी मानसिंह पटेल, अरुण श्रीवास्तव, अभिषेक शर्मा और जितेंद्र मिश्रा सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।
कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि सरकार गेहूं खरीदी व्यवस्था को सुचारू रूप से संचालित करने में विफल रही है। उन्होंने कहा कि खरीदी की धीमी प्रक्रिया और तकनीकी खामियों के कारण किसान परेशान हैं और उन्हें भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। कई किसानों को मजबूरी में अपनी उपज कम कीमत पर बेचनी पड़ी है।
कांग्रेस ने सरकार से मांग की है कि समर्थन मूल्य ₹2625 प्रति क्विंटल पर गेहूं खरीदी सुनिश्चित की जाए और जिन किसानों को नुकसान हुआ है, उसकी भरपाई सीधे उनके खातों में की जाए।
पार्टी नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि किसानों की मांगों को नजरअंदाज किया गया, तो आंदोलन और तेज किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस किसानों के अधिकारों के लिए सड़क से लेकर सदन तक संघर्ष जारी रखेगी।