कटनी। नगर पालिक निगम कटनी ने बकाया कर एवं किराया वसूली अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए रेलवे स्टेशन के समीप स्थित ईश्वर कृपा कॉम्प्लेक्स में संचालित जंक्शन बीयर बार को सील कर दिया। संस्थान द्वारा निर्धारित समय सीमा के भीतर बकाया राशि जमा नहीं करने पर निगम आयुक्त के निर्देशानुसार यह कार्रवाई की गई।
30 दिन का समय समाप्त होने के बाद हुई कार्रवाई
नगर निगम के अनुसार, मध्य प्रदेश नगर पालिक निगम अधिनियम, 1956 की धारा 174 के तहत संबंधित पक्ष को मांग सूचना पत्र जारी कर 30 दिन के भीतर बकाया राशि जमा करने का अवसर दिया गया था। निर्धारित अवधि समाप्त होने के बावजूद भुगतान नहीं किए जाने पर अधिनियम की धारा 175(1) के तहत वारंट जारी किया गया। इसके बाद 27 जुलाई 2026 को नर्बदा कॉन-टेक प्रा. लि. के स्वामित्व वाले ईश्वर कृपा कॉम्प्लेक्स स्थित जंक्शन बीयर बार को सील कर दिया गया।

₹1.59 करोड़ से अधिक की बकाया राशि
नगर पालिक निगम कटनी के आदेश (क्रमांक 1639/रा.वि./बा.शा./2026, दिनांक 24 जुलाई 2026) के अनुसार, संबंधित संस्थान पर ₹1,59,28,641 (एक करोड़ उनसठ लाख अट्ठाईस हजार छह सौ इकतालीस रुपये) की बकाया देनदारी है। बकाया राशि का भुगतान नहीं होने के कारण निगम ने सीलिंग की कार्रवाई की।
सील से छेड़छाड़ पर होगी कानूनी कार्रवाई
नगर निगम प्रशासन ने चेतावनी दी है कि बिना सक्षम अनुमति के यदि कोई व्यक्ति सील तोड़ने, ताला खोलने या परिसर में प्रवेश करने का प्रयास करता है, तो उसके विरुद्ध नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। निगम ने स्पष्ट किया है कि संपूर्ण बकाया राशि जमा होने के बाद ही नियमानुसार आगे की प्रक्रिया पर विचार किया जाएगा।