1. हिन्दी समाचार
  2. मध्य प्रदेश
  3. ग्वालियर में लोकायुक्त की बड़ी कार्रवाई, रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़े गए नगर निगम के एग्जीक्यूटिव इंजीनियर

ग्वालियर में लोकायुक्त की बड़ी कार्रवाई, रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़े गए नगर निगम के एग्जीक्यूटिव इंजीनियर

ग्वालियर में लोकायुक्त पुलिस ने नगर निगम के एग्जीक्यूटिव इंजीनियर सुशील कटारे को कथित रूप से 36 लाख रुपये के भुगतान के बदले रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया। शिकायत के आधार पर की गई ट्रैप कार्रवाई में आरोपी 6 हजार रुपये लेते हुए पकड़ा गया। उनके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

By: Nivedita 
Updated:
ग्वालियर में लोकायुक्त की बड़ी कार्रवाई, रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़े गए नगर निगम के एग्जीक्यूटिव इंजीनियर

मध्यप्रदेश के ग्वालियर में लोकायुक्त पुलिस ने नगर निगम के एग्जीक्यूटिव इंजीनियर (ईई) सुशील कटारे को कथित रूप से रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई उनके सेवानिवृत्त होने से ठीक एक दिन पहले हुई, जिससे नगर निगम में हलचल मच गई।

ठेकेदार की शिकायत के बाद हुई कार्रवाई

लोकायुक्त पुलिस के अनुसार, ठेकेदार सचिन पचौरी ने शिकायत दर्ज कराई थी कि दो निर्माण कार्यों के लगभग 36 लाख रुपये के भुगतान के बदले एग्जीक्यूटिव इंजीनियर द्वारा 36 हजार रुपये की रिश्वत मांगी जा रही थी। शिकायत मिलने के बाद लोकायुक्त टीम ने आरोपों का सत्यापन किया और उसके बाद ट्रैप कार्रवाई की योजना बनाई।

6 हजार रुपये लेते हुए हुए गिरफ्तार

जांच के दौरान सामने आया कि आरोपी कथित रूप से पहले 30 हजार रुपये ले चुका था। शेष 6 हजार रुपये लेने के लिए उसने ठेकेदार को गुरुवार को बुलाया। जैसे ही आरोपी ने 6 हजार रुपये लिए, पहले से मौजूद लोकायुक्त टीम ने उसे मौके पर ही पकड़ लिया और आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी।

 

भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज

लोकायुक्त अधिकारियों ने बताया कि आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया गया है। मामले की विस्तृत जांच जारी है और रिश्वत से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।

अन्य भुगतान मामलों की भी होगी जांच

इस कार्रवाई के बाद नगर निगम में हड़कंप का माहौल है। सूत्रों के अनुसार, भुगतान से संबंधित अन्य फाइलों और प्रक्रियाओं की भी जांच की जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि कहीं इसी प्रकार की अन्य अनियमितताएं तो नहीं हुईं।

 

रिपोर्ट – अरविंद सिंह पवैया 

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...