मैनपुरी के करहल कस्बे में आए प्रगतिशील समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवपाल सिंह ने बीते बुधवार को पत्रकारों से बात करते हुए बीजेपी पर नागरिकता संशोधन कानून को लेकर निशाना साधा।

उन्होंने कहा कि संशोधन कानून से देश की एकता और अखंडता को खतरा पैदा हो गया है। इसकी कोई जरूरत नहीं थी। वहीं उन्होंने आगे कहा कि, सीएए पर कानून बनाने से पहले सरकार को सभी राजनीतिक दलों से बातचीत कर लेनी चाहिए थी।

यही कारण है कि पूरे देश में सीएए का पूरजोर विरोध हो रहा है। हमारे देश में लोगों को अपनी आवाज उठाने के लिए धरना, प्रदर्शन और ज्ञापन देने का पूरा अधिकार है। उन्हें ऐसा करने से रोकना लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन करना होगा।

अगर देश में लोकतंत्र समाप्त हो जाएगा तो सरकार पूरी तरह तानाशाह बन जाएगी। देश में तानाशाही सरकार को रोकने के लिए लोकतंत्र का जिंदा रहना बेहद जरूरी है।