महरजगंज जिले के फरेंदा थाना क्षेत्र के गोरखपुर सोनौली राष्ट्रीय राजमार्ग 24 के दक्षिणी बाईपास पर आज सुबह एक दिल दहलाने वाला सड़क हादसा हो गया। दक्षिणी बाईपास पर परिवहन निगम की बस और बोलेरो की आमने सामने जोरदार भिड़ंत हो गई।
इस हादसे में बोलेरो चालक समेत एक महिला की मौत हो गई वहीं दो बोलेरो सवार गंभीर रूप से घायल हो गए जिनको गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। दरअसल, फरेंदा थाना क्षेत्र के ग्राम पिपरा तहसीलदार निवासी रामदेव की पत्नी राजमती देवी बीमार चल रही थीं। गुरुवार की सुबह गोरखपुर में डाक्टर से दिखाने के लिए परिजन उन्हें बोलेरो गाड़ी से लेकर निकले।
बोलेरो चालक रवि चौधरी चला रहा था तभी गोरखपुर जाते समय फरेंदा दक्षिणी बाईपास पर गोरखपुर से सोनौली जा रही रोडवेज बस और बोलेरो में जोरदार टक्कर हो गई जिससे यह दर्दनाक हादसा हुआ। इस हादसे में मौके पर ही चालक रवि व महिला राजमती की दर्दनाक मौत हो गई जबकि राजमती का बेटा सुमित यादव व एक महिला चानमती देवी गंभीर रूप से घायल हो गईं।
फरेंदा सीएचसी से गंभीर रूप से घायल सुमित को सिर में अधिक चोट लगने के कारण तत्काल मेडिकल कालेज रेफर कर दिया गया। इस सड़क हादसे की सूचना पर फरेंदा पुलिस मौके पर पहुंच कर शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्यवाही में जुट गई।