मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि मध्यप्रदेश तेजी से दिव्यांगजन के खेलों के एक महत्वपूर्ण केंद्र के रूप में उभर रहा है। प्रदेश के दिव्यांग खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर प्रदेश को गौरवान्वित किया है और समाज के लिए प्रेरणा का स्रोत बने हैं।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि समाज सुधारक और चिंतक कुशाभाऊ ठाकरे की जन्म शताब्दी वर्ष पर आयोजित राष्ट्रीय दिव्यांगजन क्रिकेट खेल महोत्सव 2026 – ‘नॉट आउट @100’ केवल 100 घंटे लगातार क्रिकेट खेलने का प्रयास नहीं है, बल्कि यह संदेश देता है कि जब संकल्प समाज के उत्थान के लिए होता है, तो सीमाएं स्वतः समाप्त हो जाती हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने ‘विकलांग’ के स्थान पर ‘दिव्यांग’ शब्द को स्थापित कर भारतीय संस्कृति के अनुरूप एक सकारात्मक सोच को आगे बढ़ाया। इस पहल से समाज में हीनता की भावना का अंत हुआ है और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में संघर्ष करने वाले दिव्यांगजनों की अदम्य इच्छाशक्ति को प्रोत्साहन मिला है।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने पुलिस लाइन स्टेडियम में दीप प्रज्ज्वलन कर तथा भारत माता के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर खेल महोत्सव का शुभारंभ किया। उन्होंने दिव्यांग खिलाड़ियों को स्मृति चिन्ह भेंट कर उनका उत्साहवर्धन भी किया।

मुख्यमंत्री स्वयं क्रिकेट पिच पर पहुंचे, खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया और एक बॉल खेलकर मैच का औपचारिक शुभारंभ किया। महोत्सव का पहला मुकाबला मध्यप्रदेश और राजस्थान की ऑर्थो कैटेगरी टीमों के बीच खेला गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री को आयोजन का बैज लगाया गया और उन्होंने टूर्नामेंट की कैप भी धारण की।
कार्यक्रम के संयोजक डॉ. राघवेंद्र शर्मा ने बताया कि यह आयोजन विश्व में पहली बार हो रहा है, जहां दिव्यांग खिलाड़ी लगातार 100 घंटे क्रिकेट खेलेंगे। उन्होंने बताया कि इस राष्ट्रीय महोत्सव में 25 टीमों के 350 खिलाड़ी भाग ले रहे हैं और यह आयोजन 26 फरवरी तक जारी रहेगा। दिन-रात खेल की यह गूंज दिव्यांग खेल इतिहास में नया अध्याय लिखेगी।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने दिव्यांग बेटी संगीता विश्नोई की इच्छाशक्ति की विशेष सराहना करते हुए कहा कि बेटियां केवल खिलाड़ी नहीं, बल्कि आत्मविश्वास, साहस और संकल्प की जीवंत मिसाल हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन समाज की सोच को बदलने का कार्य करते हैं।
मुख्यमंत्री ने इस ऐतिहासिक आयोजन के लिए कुशाभाऊ ठाकरे न्यास और TASK International Center for Public Policy Research को बधाई दी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम के श्रवण के साथ इस महोत्सव का आयोजन होना, सर्वांगीण और समावेशी विकास की भावना का प्रतीक है।
कार्यक्रम में स्थानीय विधायक भगवानदास सबनानी, अजय जामवाल, राहुल कोठारी, रविन्द्र यति सहित बड़ी संख्या में दिव्यांग खिलाड़ी और नागरिक उपस्थित रहे। राष्ट्रीय दिव्यांगजन क्रिकेट खेल महोत्सव 2026 ‘नॉट आउट @100’ न केवल एक खेल आयोजन है, बल्कि यह आत्मसम्मान, समावेशन और सामाजिक परिवर्तन का सशक्त मंच बनकर उभरा है।