भोपाल: मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे को देश के करोड़ों छात्रों, अभिभावकों और युवाओं की ऐतिहासिक जीत बताया है। पटवारी ने भाजपा सरकार पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि “भाजपा सरकार की हठधर्मिता, अहंकार और तानाशाही रवैये का अंत आखिरकार शुरू हो गया है।21 मासूम बच्चों की मौत तथा उनके परिवारों का दर्द पूरे देश को आंदोलित कर रहा था। भाजपा शासनकाल में 152 से अधिक बार पेपर लीक हुआ। 7.5 करोड़ छात्र और उनके परिवार इससे प्रभावित हुए हैं और 50 से अधिक परीक्षाओं का निरस्त होना यह साबित करता है कि भाजपा युवाओं के भविष्य के साथ लगातार खिलवाड़ करती रही है।”
पटवारी ने कहा कि जिस प्रकार किसान आंदोलन के दौरान नरेंद्र मोदी सरकार को अपनी हठधर्मिता के आगे झुकना पड़ा था, उसी प्रकार आज देश के युवाओं के आक्रोश और लोकतांत्रिक संघर्ष के आगे भाजपा का अहंकार टूट गया है। यह छात्रों के संघर्ष, जनदबाव और लोकतंत्र की जीत है।
उन्होंने कहा कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने पहले दिन से ही छात्रों की आवाज़ को संसद से लेकर सड़क तक पूरी ताकत से उठाया। उन्होंने लगातार जवाबदेही तय करने की मांग की और युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ संघर्ष किया। आज का घटनाक्रम उसी संघर्ष की जीत है।
पटवारी ने आरोप लगाया कि पेपर लीक से लेकर शिक्षा व्यवस्था में भ्रष्टाचार के जितने भी मामले सामने आए हैं, उनके तार भाजपा और उससे जुड़े लोगों तक पहुंचते रहे हैं। सरकार ने दोषियों पर कठोर कार्रवाई करने के बजाय उन्हें संरक्षण देने का काम किया, जिससे करोड़ों युवाओं का भविष्य दांव पर लगा। “यह केवल शुरुआत है, मंज़िल अभी बाकी है”
जीतू पटवारी ने स्पष्ट किया कि यह किसी एक राजनीतिक दल की नहीं, बल्कि न्याय की मांग कर रहे हर उस छात्र, अभिभावक और नागरिक की जीत है जिसने भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज़ बुलंद की।उन्होंने कहा-“शिक्षा व्यवस्था से खिलवाड़ और जवाबदेही से भागने की राजनीति को देश का युवा अब बर्दाश्त नहीं करेगा। केंद्रीय मंत्री का इस्तीफा केवल एक शुरुआत है। हमारी लड़ाई तब तक जारी रहेगी, जब तक—
1. शिक्षा व्यवस्था में पूरी पारदर्शिता लागू नहीं होती।
2. पेपर लीक माफिया और उनके राजनीतिक संरक्षकों पर कठोर कार्रवाई नहीं होती।
3. पीड़ित छात्रों को न्याय नहीं मिलता और ऐसी व्यवस्था स्थापित नहीं होती, जहाँ प्रतिभा जीते, भ्रष्टाचार नहीं।”
पटवारी ने अंत में कहा कि देश का युवा अब पूरी तरह जाग चुका है। आने वाले समय में जनता की यही आवाज़ भाजपा के राजनीतिक अहंकार के अंत की पटकथा लिखेगी। लोकतंत्र में जनता सर्वोपरि है और छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ करने वालों को जनता कभी माफ नहीं करेगी।