रिपोर्ट: सत्यम दुबे
नई दिल्ली: भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व तेज गेंदबाज विनय कुमार को IPL के फ्रेंचाइजी और डिफेंडिंग चैंपियन मुंबई इंडियंस (MI) के टैलेंट स्काउट डिवीजन में शामिल किया गया है। इससे पहले भारतीय टीम के पूर्व विकेटकीपर दिग्गज सलामीं बल्लेबाज पार्थिव पटेल भी टीम के टैलेंट स्काउट डिवीजन से जुडे थे। 37 वर्षीय पूर्व गेंदबाज विनय कुमार अब मुंबई इंडियंस प्रबंधन और कोचिंग स्टाफ के साथ मिलकर काम करेंगे।
आपको बता दें कि मुंबई इंडियंस के मालिक आकाश अंबानी ने कहा, ‘मुझे खुशी है कि विनय हमारे टैलेंट स्काउट प्रोग्राम में शामिल हुए। मुंबई इंडियंस युवाओं को तराशने और प्रतिभा तलाशने की मजबूत बुनियादी सिद्धांतों पर स्थापित है। मुझे विश्वास है कि विनय हमारी विचारधारा और स्काउटिंग स्ट्रेथ में योगदान देंगे।’
तेज गेंदबाज विनय कुमार के करियर की बात करें तो प्रथम श्रेणी क्रिकेट के 17 साल के करियर में उन्होने कर्नाटक को 2 बार रणजी ट्रॉफी खिताब दिलाई और मुंबई इंडियंस की टीम जब 2015 और 2017 में आइपीएल खिताब जीती तो इसके हिस्सा थे। विनय ने फरवरी 2021 में क्रिकेट से रिटायरमेंट की घोषणा की। पूर्व दाएं हाथ के मध्यम तेज गेंदबाज ने भारत के लिए 1 टेस्ट मैच, 31 वनडे और 9 टी20 खेले।
मुंबई इंडियंस के टैलेंट स्काउट डिवीजन में शामिल होने के बाद विनय ने कहा कि, ‘मुंबई इंडियंस के साथ फिर से जुड़ने के लिए यह अवसर मिलने पर मैं सम्मानित महसूस कर रहा हूं। मुंबई इंडियंस खेल के हर पहलू में उत्कृष्टता के लिए प्रयास करती है और स्काउटिंग टैलेंट निस्संदेह उनकी प्रमुख ताकत है। यह एक नया अध्याय है और व्यक्तिगत रूप से मैं इसे क्रिकेट को वापस कुछ देने के अवसर के तौर पर देखता हूं।’