बुरहानपुर में शनवारा–सिंधीबस्ती से लालबाग रेलवे स्टेशन तक बन रहे व्हाइट टॉपिंग सड़क निर्माण कार्य का निरीक्षण किया गया। यह परियोजना लगभग 16 करोड़ 82 लाख रुपये की लागत से विकसित की जा रही है। निरीक्षण के दौरान विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री अर्चना चिटनिस तथा महापौर माधुरी पटेल मौजूद रहीं।
निरीक्षण के दौरान जनप्रतिनिधियों ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता, सुरक्षा व्यवस्था, जल निकासी प्रणाली और नागरिक सुविधाओं का विस्तार से जायजा लिया। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि निर्माण कार्य केवल तकनीकी मानकों के अनुसार ही नहीं बल्कि आम नागरिकों की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखकर पूरा किया जाए।
अर्चना चिटनिस ने कहा कि यह मार्ग शहर का अत्यंत व्यस्त क्षेत्र है, जहां हजारों लोग प्रतिदिन आवागमन करते हैं। उन्होंने निर्देश दिए कि कॉलोनियों और बस्तियों से जुड़े मार्गों पर उचित रैंप बनाए जाएं, ताकि बुजुर्गों, महिलाओं, दिव्यांगजनों और दोपहिया वाहन चालकों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
निरीक्षण के दौरान वर्षा ऋतु को देखते हुए जल निकासी व्यवस्था को मजबूत बनाने पर जोर दिया गया। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि सड़क पर किसी भी स्थान पर जलभराव की स्थिति उत्पन्न न हो। साथ ही निर्माण स्थल पर फैले मलबे और अव्यवस्थित सामग्री को तुरंत हटाने के निर्देश दिए गए।

मार्ग पर स्थित प्रकाश व्यवस्था की समीक्षा करते हुए आधुनिक एलईडी स्ट्रीट लाइट लगाने और प्रकाश व्यवस्था को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही निर्माण स्थल पर बैरिकेडिंग, चेतावनी संकेत और सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने को कहा गया, ताकि दुर्घटनाओं की संभावना कम हो सके।
जनप्रतिनिधियों ने स्पष्ट कहा कि यह परियोजना नागरिकों की लंबे समय से मांग रही है, इसलिए निर्माण कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। कार्य को तय समयसीमा में उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए गए।
इस मार्ग के निर्माण से शनवारा, सिंधीबस्ती, इंदिरा कॉलोनी, आदर्श कॉलोनी, लालबाग और आसपास के क्षेत्रों के नागरिकों को सुगम आवागमन की सुविधा मिलेगी। इससे शहर के यातायात व्यवस्था और समग्र विकास को भी नई गति मिलने की उम्मीद है।