भारतीय रेलवे ने नए साल की शुरुआत के साथ यात्रियों और पूरे सिस्टम के लिए बड़े बदलावों का स्पष्ट रोडमैप तैयार कर लिया है। नई दिल्ली स्थित रेल भवन में केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव की अध्यक्षता में हुई उच्चस्तरीय बैठक में निर्णय लिया गया कि अगले 52 हफ्तों में 52 बड़े सुधार लागू किए जाएंगे। यानी हर सप्ताह एक ऐसा सुधार, जिसका असर ज़मीन पर साफ दिखाई दे।
बैठक में रेलवे के कामकाज की रफ्तार बढ़ाने, प्रशासनिक व्यवस्था को अधिक मजबूत करने और यात्रियों को मिलने वाली सुविधाओं की गुणवत्ता सुधारने पर विशेष चर्चा हुई। इस दौरान रेलवे बोर्ड के चेयरमैन, केंद्रीय राज्य मंत्री और वरिष्ठ अधिकारियों ने अपने मैदानी अनुभव साझा किए और ग्राउंड लेवल पर आने वाली चुनौतियों पर भी विचार-विमर्श किया।
रेलवे का मानना है कि एक साथ बहुत बड़े बदलाव करने के बजाय हर हफ्ते एक ठोस और मापनीय सुधार लागू करने से सिस्टम पर बेहतर नियंत्रण रहेगा और परिणाम भी स्पष्ट रूप से सामने आएंगे। इन सुधारों में ऑपरेशंस, मेंटेनेंस, निर्णय प्रक्रिया और यात्री सुविधाओं से जुड़े कई अहम पहलू शामिल होंगे।
बैठक में रेलवे सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताया गया। अधिकारियों ने बताया कि बीते वर्षों में ट्रेन हादसों की संख्या में उल्लेखनीय गिरावट आई है। 2014-15 में जहां 135 बड़े रेल हादसे हुए थे, वहीं 2025-26 में इनकी संख्या घटकर सिर्फ 11 रह गई है। अब रेलवे का अगला लक्ष्य हादसों की संख्या को एक अंक तक सीमित करना है। इसके लिए बेहतर ट्रैक मेंटेनेंस, आधुनिक सिग्नलिंग सिस्टम और निरंतर मॉनिटरिंग पर जोर दिया जा रहा है।
यात्रियों के लिए सबसे अहम खबर यह है कि ट्रेन में मिलने वाले खाने की गुणवत्ता और कैटरिंग सिस्टम में बड़े सुधार किए जाएंगे। साफ-सफाई, स्वाद और सर्विस-तीनों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। ऑनबोर्ड सेवाओं को अधिक प्रोफेशनल और कस्टमर-फ्रेंडली बनाने की योजना है।
रेलवे अपने इंफ्रास्ट्रक्चर, ट्रैक मेंटेनेंस और नेटवर्क क्षमता बढ़ाने के साथ-साथ AI और आधुनिक तकनीकों के उपयोग पर भी फुल फोकस कर रहा है। बैठक में इनसे जुड़े प्रोजेक्ट्स की समीक्षा की गई और अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि आने वाले महीनों में इन सुधारों का असर यात्रियों को सीधे तौर पर नजर आएगा।
रेलवे सुधारों के इस रोडमैप में कर्मचारियों की ट्रेनिंग और स्किल अपग्रेड को भी अहम स्थान दिया गया है। बदलती तकनीक और नई चुनौतियों के अनुरूप कर्मचारियों को तैयार किया जाएगा, ताकि सुधारों का प्रभाव टिकाऊ और दीर्घकालिक हो।
नए साल में भारतीय रेलवे ने “52 हफ्ते, 52 सुधार” के मंत्र के साथ कमर कस ली है। सुरक्षा से लेकर खाने तक, तकनीक से लेकर ट्रेनिंग तक-हर स्तर पर बदलाव की यह योजना यात्रियों के अनुभव को बेहतर बनाने और रेलवे सिस्टम को अधिक कुशल, सुरक्षित और आधुनिक बनाने की दिशा में बड़ा कदम मानी जा रही है।