1. हिन्दी समाचार
  2. Breaking News
  3. ट्राइडेंट ग्रुप का हरित संकल्प, ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान में लगाए गए 1000 पौधे

ट्राइडेंट ग्रुप का हरित संकल्प, ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान में लगाए गए 1000 पौधे

विश्व पर्यावरण दिवस के उपलक्ष्य में ट्राइडेंट ग्रुप और नगर पालिका परिषद बुधनी के संयुक्त तत्वावधान में विशाल वृक्षारोपण अभियान आयोजित किया गया। ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत 1000 फलदार और छायादार पौधे लगाए गए। कार्यक्रम में 250 से अधिक स्वयंसेवकों ने भाग लिया।

By: BS Yadav 
Updated:
ट्राइडेंट ग्रुप का हरित संकल्प, ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान में लगाए गए 1000 पौधे

सीहोर : विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर पर्यावरण संरक्षण और हरित विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को आगे बढ़ाते हुए ट्राइडेंट ग्रुप द्वारा पूरे सप्ताह को ‘पर्यावरण सप्ताह’ के रूप में मनाया जा रहा है। इसी श्रृंखला में पर्यावरण सप्ताह के चौथे दिन ट्राइडेंट ग्रुप और नगर पालिका परिषद बुधनी के संयुक्त तत्वावधान में एक विशाल वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के अंतर्गत आयोजित इस विशेष कार्यक्रम में कुल 1000 फलदार एवं छायादार पौधों का रोपण किया गया। कार्यक्रम में ट्राइडेंट ग्रुप के 250 से अधिक स्वयंसेवकों के साथ नगर पालिका परिषद बुधनी की टीम ने सक्रिय सहभागिता निभाई और पर्यावरण संरक्षण का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया।

आयोजकों के अनुसार इस अभियान का उद्देश्य केवल पौधे लगाना नहीं, बल्कि समाज में पर्यावरण के प्रति जागरूकता पैदा करना और लोगों को प्रकृति संरक्षण के लिए प्रेरित करना भी है। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी लोगों को लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल और उनके पूर्ण विकास तक संरक्षण का संकल्प दिलाया गया।

वक्ताओं ने अपने संबोधन में कहा कि पर्यावरण संरक्षण किसी एक संस्था या व्यक्ति की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि यह पूरे समाज का सामूहिक दायित्व है। बढ़ते प्रदूषण, जलवायु परिवर्तन और पर्यावरणीय चुनौतियों के दौर में अधिक से अधिक वृक्षारोपण करना समय की आवश्यकता बन गया है। उन्होंने नागरिकों से अपने जीवन में कम से कम एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल करने का आग्रह किया।

ट्राइडेंट ग्रुप लंबे समय से स्वास्थ्य, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक सरोकारों से जुड़े विभिन्न अभियानों में सक्रिय भूमिका निभा रहा है। समूह अपने संस्थापक पद्मश्री राजेंद्र गुप्ता के मार्गदर्शन में ‘वेस्ट टू वेल्थ’ और सस्टेनेबिलिटी के सिद्धांतों पर कार्य कर रहा है। संस्था का मानना है कि पर्यावरण संरक्षण के लिए सामुदायिक भागीदारी सबसे प्रभावी माध्यम है।

कार्यक्रम में तहसीलदार ललित सोनी, नगर पालिका परिषद बुधनी के मुख्य नगर पालिका अधिकारी संतोष रघुवंशी, ट्राइडेंट ग्रुप से नितिन मल्होत्रा, डॉ. सतीश मिश्रा, अरविंद गिरी सहित कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी और स्वयंसेवक उपस्थित रहे।

यह वृक्षारोपण अभियान बुधनी क्षेत्र को हराभरा, स्वच्छ और प्रदूषणमुक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

रिपोर्ट : कन्हैया नाथ

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...