1. हिन्दी समाचार
  2. Breaking News
  3. मां के सम्मान में लगाए पौधे, जोशीपुरा में चला हरियाली बढ़ाने का अभियान

मां के सम्मान में लगाए पौधे, जोशीपुरा में चला हरियाली बढ़ाने का अभियान

बुधनी क्षेत्र के ग्राम पंचायत जोशीपुरा में युफोरिया माइंस एंड मिनरल्स कंसोर्टियम कंपनी द्वारा ‘मां के नाम एक पेड़’ अभियान के तहत वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में ग्रामीणों, पंचायत प्रतिनिधियों और कंपनी कर्मचारियों ने मिलकर विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए।

By: BS Yadav 
Updated:
मां के सम्मान में लगाए पौधे, जोशीपुरा में चला हरियाली बढ़ाने का अभियान

सीहीर : विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर पर्यावरण संरक्षण और हरित विकास को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ग्राम पंचायत जोशीपुरा में विशेष वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम युफोरिया माइंस एंड मिनरल्स कंसोर्टियम प्राइवेट लिमिटेड द्वारा ‘मां के नाम एक पेड़’ अभियान के अंतर्गत आयोजित किया गया, जिसमें कंपनी के अधिकारियों, कर्मचारियों, पंचायत प्रतिनिधियों तथा ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यक्रम के दौरान विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए गए और उपस्थित लोगों को पर्यावरण संरक्षण के महत्व के बारे में जागरूक किया गया। अभियान का उद्देश्य केवल पौधारोपण तक सीमित नहीं था, बल्कि लोगों में पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी और संवेदनशीलता विकसित करना भी था।

ग्राम पंचायत जोशीपुरा के सरपंच शिशुपाल सिंह राजपूत ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि पर्यावरण संतुलन बनाए रखना आज समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण देने के लिए प्रत्येक व्यक्ति को कम से कम एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए और उसकी नियमित देखभाल भी करनी चाहिए। उन्होंने इस पहल को समाज के लिए प्रेरणादायक बताते हुए सभी लोगों से अधिक से अधिक संख्या में पौधारोपण करने की अपील की।

कंपनी की ओर से उमेश शर्मा ने बताया कि ‘मां के नाम एक पेड़’ अभियान का उद्देश्य केवल पौधे लगाना नहीं बल्कि लोगों में प्रकृति और पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। उन्होंने कहा कि मां के सम्मान में लगाया गया पौधा जीवन, प्रकृति और संवेदनशीलता का प्रतीक है। ऐसे अभियान लोगों को पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रेरित करते हैं और समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का कार्य करते हैं।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने पौधों के संरक्षण और उनकी नियमित देखभाल का संकल्प लिया। साथ ही क्षेत्र में हरियाली बढ़ाने, प्रदूषण कम करने और स्वच्छ वातावरण निर्माण में सक्रिय योगदान देने का संदेश भी दिया गया।

कंपनी प्रबंधन ने बताया कि भविष्य में भी सामाजिक और पर्यावरणीय सरोकारों से जुड़े ऐसे कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहेंगे। इस वृक्षारोपण अभियान को क्षेत्र में हरित आवरण बढ़ाने और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।
रिपोर्ट : कन्हैया नाथ

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...