बुरहानपुर। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय, भारत सरकार की एडीप (ADIP) योजना के तहत बुरहानपुर नगर निगम द्वारा दिव्यांगजनों के लिए निशुल्क कृत्रिम अंग एवं सहायक उपकरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से दिव्यांग चिन्हांकन एवं प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया। मंगलवार को गुजराती मोडवाड़ी भवन, सेवा सदन कॉलेज के सामने आयोजित इस शिविर में बड़ी संख्या में दिव्यांगजन पहुंचे और विभिन्न सुविधाओं का लाभ लिया।
सामाजिक न्याय एवं कल्याण विभाग के जिला अधिकारी दुर्गेश कुमार दुबे ने बताया कि जिला प्रशासन और नगर निगम के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित शिविर में कुल 125 दिव्यांगजनों का पंजीयन किया गया। इनमें 49 लोगों का चिन्हांकन, 21 बस पास जारी, 3 नए दिव्यांग प्रमाण पत्र जारी तथा 4 दिव्यांग प्रमाण पत्रों का नवीनीकरण किया गया।

नगर निगम आयुक्त संदीप श्रीवास्तव ने शिविर का निरीक्षण किया और कहा कि राज्य सरकार, जिला प्रशासन एवं नगर निगम द्वारा समय-समय पर ऐसे शिविर आयोजित किए जाते हैं, ताकि दिव्यांगजनों को एक ही स्थान पर आवश्यक सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकें। उन्होंने बताया कि शिविर में दिव्यांगता प्रमाण-पत्र, यूडीआईडी (UDID) कार्ड पंजीयन, बस पास, प्रमाण पत्रों के नवीनीकरण सहित विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने की प्रक्रिया पूरी की गई।
उन्होंने बताया कि शिविर में मेडिकल बोर्ड की टीम द्वारा दिव्यांगजनों की जांच कर दिव्यांगता का प्रतिशत निर्धारित किया गया। पात्र हितग्राहियों को शासन की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने के साथ-साथ उन्हें आत्मनिर्भर बनने के लिए भी प्रेरित किया गया। शिविर में आवेदन के लिए आधार कार्ड, समग्र आईडी, पासपोर्ट आकार का फोटो और पुराने मेडिकल प्रमाण पत्र जैसे आवश्यक दस्तावेजों की भी जांच की गई।
कार्यक्रम में नगर निगम आयुक्त संदीप श्रीवास्तव, सहायक आयुक्त स्वर्णिका वर्मा, सामाजिक न्याय विभाग के जिला अधिकारी दुर्गेश कुमार दुबे, डॉ. राजेंद्र येवले, बद्री प्रसाद मोहलिया, निगम सचिव संजय शाह, कार्यालय अधीक्षक संदीप तिवारी सहित नगर निगम एवं सामाजिक न्याय विभाग के कई अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।