(गोरखपुर से प्रदीन आंनद श्रीवास्तव की रिपोर्ट)
गोरखपुर: बढ़ती हुई महंगाई और पेट्रोल डीजल के दामों में उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा की गई बढ़ोतरी को लेकर कांग्रेस पार्टी की जिलाध्यक्ष निर्मला पासवान के नेतृत्व में आज सैकड़ो की सख्या में कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने जबरदस्त विरोध प्रदर्शन किया। कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का पुतला भी जलाने की कोशिश की। पुलिस ने हल्का बल प्रयोग करते हुए कार्यकर्ताओं को पुतला जलाने से रोक दिया, जिसके बाद कार्यकर्ता आक्रोशित हो गए और सड़क पर ही बैठ गए।
पुलिस ने जब उनको सड़क से हटने के लिए कहा तो वो नहीं माने, जिसके बाद कांग्रेसी कार्यकर्ताओं और पुलिस में भारी नोकझोंक हुई। पुलिस हल्का बल प्रयोग करते हुए उन्हें गिरफ्तार कर पुलिस लाइन ले आई। मौके पर पहुंचे क्षेत्राधिकारी गोरखनाथ अपराध प्रवीण कुमार सिंह ने कार्यकर्ताओं को सड़क से हटाने के लिए कहा। जिसके बाद कार्यकर्ता नहीं माने।
पुलिस ने कार्यकर्ताओं को थाने की जीप में बैठा कर पुलिस लाइन ले आई। कांग्रेस पार्टी की जिलाध्यक्ष निर्मला पासवान ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि, आज प्रदेश सरकार द्वारा पुलिस के दम पर आम आदमी के आवाज को दबाने की कोशिश की जा रही है काग्रेस पार्टी पुलिस की इस गुंडागर्दी से डरने वाली नहीं है।
आज हम शांति पूर्ण ढंग से अपना विरोध प्रदर्शन कर रहे थे, लेकिन पुलिस हमारे साथ अभद्रता करते हुए बल प्रयोग किया जिसकी जितनी निंदा की जाए कम है उन्होंने प्रदेश की सरकार को जल्द से जल्द बढ़ती महंगाई और पेट्रोल डीजल की बढ़ी कीमतों को वापस लेने के लिए कहा।